इटावा। प्रदेश सरकार के साढ़े चार साल की उपलब्धियों को गिनाने में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी पीछे नहीं रहे। मंगलवार को विकास भवन के प्रेरणा सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने योगी सरकार के कार्यों की प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकार से तुलना करना नहीं भूले। जबकि सवाल किए गए, तो वह बचने का प्रयास करते भी नजर आए।
सड़कों की बदहाल स्थिति का जिक्र करने पर कहा बरसात खत्म हो गई है, प्राथमिकता के आधार पर गड्ढे भरने का काम किया जाएगा।
बीमारियां बढ़ने और दवाइयों के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा दवाइयां उपलब्ध हैं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रयागराज में महंत नरेंद्र की मृत्यु के मामले में कहा कि वह पहुंचे हुए संत थे, उनकी रहस्मय मृत्यु हो गई। सरकार जांच करा रही है, जो भी दोषी होंगे बख्शे नहीं जाएंगे। विवेचना चल रही है। हत्या और आत्म हत्या दोनों तरह से जांच की जा रही है।
जनपद में साढ़े चार साल की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए प्रभारी मंत्री ने बताया जनपद में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 806577 किसानों को 438.40 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 20337 किसानों को 86.81 लाख रुपये का भुगतान किया गया। प्रधानमंत्री उज्जवल योजना के तहत जनपद में 130758 लाभार्थियों को गैस कनेक्शन वितरित किए गए। वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत व भरथना विधायक सावित्री कठेरिया व अधिकारीगण उपस्थित रहे।