इटावा। इकदिल पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार देर रात इकदिल पूर्वी तिराहे के पास पिकअप में रखे गांजा समेत दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पिकअप से पांच क्विंटल 26 किलो गांजा (कीमत करीब 1.30 करोड़ रुपये), एक तमंचा, दो कारतूस व एक चाकू बरामद हुआ है।
एसएसपी डा. बृजेश कुमार सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को बताया कि इकदिल पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम सूचना के आधार पर गुरुवार रात इकदिल के पूर्वी तिराहे के पास मौजूद थी।
पुलिस टीम को कानपुर की तरफ से पिकअप आते दिखी, जो तिरपाल से ढकी हुई थी। टीम ने शक के आधार पर चालक को गाड़ी रोकने का इशारा किया लेकिन वह नहीं रुका और भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा करके पिकअप और उसमें बैठे दो लोगों को पकड़ लिया। दोनों ने अपने नाम राजस्थान के जिला नागौर थाना जायल, डेहहे गांव निवासी चालक ओम प्रकाश छाबा व आगरा के थाना खेरा राठौर, नंदगवा गांव निवासी देवीराम उर्फ अजय बताए।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक तमंचा, दो कारतूस व चाकू मिला। पिकअप के अंदर से 26 बोरियों में भरा हुआ पांच क्विंटल 26 किलो गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत बाजार में करीब 1.30 करोड़ रुपये है। दोनों गांजा तस्करों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
तीन राज्यों की सीमा पार कर पहुंचे इटावा
पुलिस के मुताबिक दोनों उड़ीसा से गांजा लेकर कानपुर होते हुए आगरा की तरफ जा रहे थे। सवाल यह उठता है कि दोनों तस्कर उड़ीसा से गांजा लादकर उत्तर प्रदेश में किस तरह से घुसे। उड़ीसा से इटावा तक आने के लिए उड़ीसा, छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा पार करनी पड़ती है। इसके के बाद झारखंड या मध्यप्रदेश की सीमा होते हुए यूपी में प्रवेश होता है। ऐसे में क्या तीनों राज्यों के बॉर्डर पर पिकअप की तलाश नहीं की गई।
तीन साल से कर रहे तस्करी
एसएसपी ने बताया कि दोनों करीब तीन साल से गांजा की तस्करी कर रहे हैं। दोनों उड़ीसा समेत अन्य राज्यों व जिले से गांजा की तस्करी करते है। आगरा समेत उसके आसपास के क्षेत्रों में इनका धंधा फैला हुआ है। पहले भी दोनों तस्करी के मामले में पकड़े जा चुके हैं। गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई।
पिकअप में लिखा है छत्तीसगढ़ का नंबर
पुलिस ने जिस पिकअप को पकड़ा है उसका नंबर सीजी 13 एएल 3947 है। पुलिस का कहना है कि ये लोग उड़ीसा के कोरापुट गांव से गांजा ला रहे थे। पकड़े गए युवकों में एक राजस्थान व दूसरा आगरा का है। तो छत्तीसगढ़ से इनका क्या कनेक्शन है। पकड़ी गई पिकअप किसकी है। किसका गांजा था, किसको बेचने जा रहे थे, कहां-कहां पर बेचकर इटावा में आए इसकी जानकारी पुलिस नहीं दे सकी।