कूड़ेदान को लेकर स्टेशन अधीक्षक को निर्देश देते डीआरएम मोहित चंद्रा
- फोटो : ETAWAH
इटावा। नए साल 2022 में इटावा जंक्शन स्टेशन को कई नई सौगातें मिलने वाली हैं, लेकिन रामनगर फाटक पर प्रस्तावित अंडरपास (आरओबी) बनने का मामला अधर में फंसने से लाइन पार रहने वाली शहर की एक बड़ी आबादी को मायूसी हो सकती है। यह संकेत शुक्रवार को उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के डीआरएम मोहित चंद्रा के रेलवे स्टेशन का करीब डेढ़ घंटे तक निरीक्षण करने और सांसद के भेंट करने के बाद मिले।
शुक्रवार की दोपहर 12:08 बजे डीआरएम ने प्लेटफार्म नंबर एक से निरीक्षण शुरू किया। उन्होंने इस दौरान स्टाफ व स्टेशन अधीक्षक से जानकारी ली। बंद तालों को खुलवाकर देखा, नलों की टोटियां, बेंच, कूड़ादान व शौचालय, वाहन स्टैंड देखा। करीब डेढ़ घंटे के निरीक्षण के दौरान किसी भी तरह की नाराजगी नहीं जताई। टिकट खिड़की को धुंधला देखकर बदलवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए रामनगर में पर बनने वाले पुल के बारे में अनभिज्ञता जताई। हालांकि, सांसद डा. रामशंकर कठेरिया ने रामनगर में आरओबी हर हाल में बनने को कहा। बारिश के दिनों में मैनपुरी अंडरपास में जलभराव की समस्या पर डीआरएम ने कहा अगली बारिश में अंडरपास में जलभराव नहीं होगा। ऐसी व्यवस्था की जाएगी की बारिश का पानी अंडरपास में न भर सके।
स्टेशन पर पेयजल की समस्या पर कहा कि पाइप लाइन पड़ रही है, जो इस महीने चालू हो जाएगी। सांसद ने रेलवे स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज को नया बनाने को कहा। इस पर डीआरएम ने बताया कि पुल तैयार हो रहा है। सांसद ने बुजुर्गों के लिए स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ियां बनाने को कहा, जिस पर डीआरएम ने लिफ्ट लगाए जाने की बात कही। सांसद ने मांगों का ज्ञापन डीआरएम को दिया, जिसमें सियाल्दा-अजमेर ट्रेन का स्टापेज और भरथना स्टेशन पर बंद चल रही ट्रेनों का ठहराव करने की मांग थी। वार्ता के दौरान प्रयागराज मंडल से आए रेलवे के बड़े अफसरों के अलावा कई भाजपा नेता भी उपस्थित रहे।