लुदपुरा में तलैया के ऊपर से निकाली गईं बिजली चोरी करने वाली लाइनें
- फोटो : ETAWAH
जसवंतनगर। एक ओर बिजली विभाग की चेकिंग से उपभोक्ता परेशान हैं तो दूसरी ओर लुधपुरा स्थित स्कूल के पास तलैया पर रखे 400 केवी के ट्रांसफार्मर से सरेआम डाली गईं 100 से ज्यादा कटिया पर विद्युत अधिकारी आंखें मूंदे हुए हैं।
बिजली चोरी हो रही यह तो एक मुद्दा है ही। लेकिन ये कटिया तलैया के ऊपर से करीब 200 मीटर दूर कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले लोग अवैध तरीके से तार खींचकर ले जाने के बाद बिजली का प्रयोग कर रहे हैं। कटिया के नाम पर खीचे गए तार बेहद पतले हैं जो अक्सर टूटते और गिरते रहते हैं। अब तक तलैया सूखी थी, लेकिन बरसात के मौसम में उसमें लबालब पानी भरा होने की वजह से तलैया में करंट दौड़ने की आशंका सता रही है। बावजूद इसके विभाग के अफसर इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस कॉलोनी में कोई चेकिंग अभियान न चलाए जाने से कटिया धारक बेफ्रिक होकर अवैध तरीके से बिजली का प्रयोग कर रहे हैं, जबकि उपभोक्ताओं के घर आए दिन चेकिंग की जा रही है।
बड़ी संख्या में कटिया पड़े होने की वजह से तलैया ट्रांसफार्मर में आए दिन केबल से छेड़छाड़ करने की वजह से ट्रांसफार्मर पर रोजाना ही फाल्ट से आग पकड़ता रहता है। यहां तक 11 केवी की लाइन के फ्यूज उड़ने से पूरा रेलमंडी फीडर घंटों के लिए बंद होने की वजह से आधे नगर की बिजली घंटों के लिए बंद हो जाती। तलैया स्थित इस ट्रांसफार्मर की कभी केबलें नहीं जलतीं थीं, लेकिन अब ट्रांसफार्मर की केबलें फुंक कर जैसे तैसे आपूर्ति दे रहीं।
एसडीओ जसवंतनगर अशोक कुमार ने बताया उन्हें शिकायत मिली है। जल्द विद्युत विभाग की एक टीम भेजी जाएगी। जांच्र-पड़ताल कर जो लोग कटिया डाले हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।