इटावा। बलरई पुलिस ने सोमवार रात तिजौरा-बीबामऊ चौराहे के पास चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि चारों के पास से एक तमंचा, दो कारतूस व तीन चाकू बरामद हुए हैं। इसके साथ ही बलरई के बीबामऊ गांव से 28 जुलाई को खड़े ट्रक से चुराई गई दो बैटरी व 40 लीटर डीजल भी मिला है।
एसपी सिटी प्रशांत कुमार प्रसाद ने बताया कि 28 जुलाई को बलरई के बीबामऊ गांव निवासी आदिराम कुशवाहा के घर के सामने खड़े ट्रक से दो बैटरी व 40 लीटर डीजल चोरी हो गया था। पीड़ित ने मामले में एक नामजद समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने मामले की जांचकर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। सोमवार रात पुलिस ने तिजौरा-बीबामऊ चौराहा के पास खड़े चार लोगों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम बलरई के व्यास नगर नगला विशुन गांव निवासी राजू, बीबामऊ गांव के शमशाद, रामबरन व प्रदीप बताया।
तलाशी के दौरान उनके पास से पुलिस को एक तमंचा, तीन कारतूस व तीन चाकू बरामद हुए। इसके साथ ही ट्रक से चुराई गई दो बैटरी व दो कैन में 40 लीटर डीजल भी मिला। जिसे यह लोग फिरोजाबाद ले जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे।
बलरई थाने का गैंगस्टर है राजू
बलरई थाना प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि पकड़ा गया राजू थाने का टॉप टेन अपराधी है। उस पर बलवा, मारपीट, क्रिमिनल एक्ट, मिनी गुंडा व यूपी गुंडा एक्ट, एनडीपीएस, यूपी गुंडा गिरोहबंद, हत्या, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में 18 मुकदमे दर्ज है। उसके साथी प्रदीप पर मारपीट, चोरी, यूपी गुंडा एक्ट समेत अन्य धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं।