सैफई। प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग आलोक कुमार ने सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय का शनिवार को निरीक्षण किया। यहां निर्माणाधीन सुपर स्पेशियलिटी सेंटर का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. रमाकांत यादव से कोरोना के इलाज व प्रबंधन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विश्वविद्यालय के चिकित्सकों, अधिकारियों व हेल्थ केयर वर्करों और मरीजों से भी बात की।
पीडियाट्रिक कोविड-19 अस्पताल, इमरजेंसी ट्रामा व ऑक्सीजन प्लांट का काम भी देखा। उन्होंने बेड, कोविड जांच, दवाएं तथा जरूरी उपकरणों पर संतोष जताया।
कुलपति ने प्रमुख सचिव को बताया कि संभावित तीसरी लहर के चलते बच्चों के लिए 100 बेड का पीआईसीयू बन गया है। जिसमें 50 बेड आईसीयू, 50 बेड एचडीयू/आइसोलेशन के हैं।
इसमें सामान्य संक्रमितों के साथ ही गंभीर संक्रमित बच्चों का इलाज किया जाएगा। कोविड संक्रमित मरीजों के साथ जरूरी इमरजेंसी सेवाएं भी जारी हैं।
इस दौरान संयोजक कोविड व नॉन कोविड अस्पताल डॉ.एसपी सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ.आदेश कुमार, कुलसचिव सुरेश चंद्र शर्मा, इमरजेंसी प्रभारी डॉ. सोमेंद्र पाल सिंह, सहायक चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा, प्रशासनिक अधिकारी उमाशंकर व जनसंपर्क अधिकारी अनिल कुमार पांडेय भी मौजूद रहे।