भरथना (इटावा)। भरथना व इकदिल रेलवे स्टेशन के बीच पोल नंबर 1136/16 के पास डाउन लाइन पर सोमवार देर रात 1:10 बजे वैशाली एक्सप्रेस से मवेशी टकरा गया। इसके चलते ट्रेन 55 मिनट तक खड़ी रही।
वैशाली एक्सप्रेस देर रात इटावा से कानपुर की तरफ जा रही जा रही थी। भरथना व इकदिल स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर अचानक अन्ना मवेशी आ गया।
चालक जब तक कुछ समय पाता कि मवेशी इंजन से टकरा गया। मवेशी के अवशेष इंजन में फंस गए। चालक ने ट्रेन को रोक दिया। घटना की जानकारी रेलवे के अधिकारियों को दी।
थोड़ी ही देर में रेलवे की टेक्निकल टीम वहां पहुंची। पहले ट्रैक से मवेशी का शव हटाया गया। इंजन से उसके अवशेष हटाए गए। इसके बाद टीम ने इंजन की जांच की। तब रात 2:05 बजे ट्रेन गंतव्य को रवाना हुई।
इस दौरान श्रमशक्ति स्पेशल एक्सप्रेस, रीवा स्पेशल एक्सप्रेस, पूर्वा स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनें खड़ी रही। वैशाली एक्सप्रेस के रवाना होने के बाद इन ट्रेनों को भी गंतव्य को रवाना किया गया।