इटावा। अधीनस्थ कृषि सेवा संघ के आह्वान पर 21 सूत्रीय मांगों के समर्थन में कृषि विभाग के कर्मचारियों का आंदोलन जारी है। मंगलवार को आंदोलन के दूसरे दिन भी कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर कृषि कार्यालयों के सामने विरोध प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की।
संघ के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा व महामंत्री मनोज कुमार यादव ने बताया कि सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में चरणबद्घ तरीके से आंदोलन चलाया जा रहा है।
इसके तहत कृषि भवन इटावा, भूमि संरक्षण कार्यालय, राष्ट्रीय जलागम, भूमि संरक्षण कार्यालय सहसों, उपकृषि निदेशक शोध, उपसंभागीय अधिकारी, कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय भरथना और सैफई में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।
यह विरोध प्रदर्शन 15 सितंबर को भी होगा। छह अक्तूबर को कृषि निदेशालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन के दौरान गजेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह यादव, दिनेश कुमार त्रिपाठी, विपिन कुमार, धीरेंद्र सिंह, हरिओम, दीवान सिंह, अंजू वर्मा, सुभाष चंद्र व नंद किशोर पांडेय आदि मौजूद रहे।