इटावा। अधीनस्थ कृषि सेवा संघ के प्रांतीय आह्वान पर सोमवार को कृषि कर्मचारियों ने 21 सूत्री मांगों के समर्थन में कृषि कार्यालयों के सामने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। वेतन विसंगतियां दूर करने और पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई। 22 सितंबर को सभी कर्मचारी जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे।
अधीनस्थ कृषि सेवा संघ के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा व महामंत्री मनोज कुमार यादव ने बताया कि सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में चरणबद्ध ढंग से आंदोलन चलाया जा रहा है।
सोमवार को कृषि भवन इटावा, भूमि संरक्षण कार्यालय राष्ट्रीय जलागम, भूमि संरक्षण कार्यालय सहसों, उपकृषि निदेशक शोध, उपसंभागीय अधिकारी, कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय भरथना और सैफई में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।
यह विरोध प्रदर्शन 14 और 15 सितंबर को भी होगा। 22 सितंबर को जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन होगा। छह अक्तूबर को कृषि निदेशालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान गजेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह यादव, दिनेश कुमार त्रिपाठी, विपिन कुमार, धीरेंद्र सिंह, हरिओम, दीवान सिंह, अंजू वर्मा, सुभाष चंद्र, नंद किशोर पांडेय, चक्रेश सिंह, आरिफ, आदिव रवानी, लाली देवी, प्रेमवती, भूमित्र अवस्थी व विनीता देवी आदि मौजूद रहीं।