इटावा। फ्रेंड्स कालोनी क्षेत्र की एक दुष्कर्म पीड़ित महिला ने पुलिस पर प्रताड़ित करने व नामजद तीन आरोपियों पर उनके पक्ष में शपथ पत्र न देने पर बच्चों समेत जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत एसएसपी कार्यालय में अर्जी देकर की है। इसके साथ ही आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की महिला ने एसएसपी कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाते हुए बताया है कि 27 जुलाई को ऊसराहार के इकधरा गांव निवासी अनिल यादव, चंदरपुरा गांव के योगेश उर्फ सोनू व मडै़या मान सिंह निवासी अभिषेक घर में आए थे। इन लोगों ने उसके बच्चों को पिस्टल दिखाकर एक कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद इन लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला आरोपियों को पहले से जानती थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ 29 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज की। महिला का मेडिकल परीक्षण कराया।
आरोप है कि थाना पुलिस ने धारा 164 के तहत कोर्ट में उसके कलमबंद बयान नहीं करा रही है। न ही आरोपियों को पुलिस ने अब तक गिरफ्तार ही किया है।
पीड़ित महिला का आरोप है कि तीनों आरोपी उस पर अपने पक्ष में शपथ पत्र न देने पर उसे परिवार समेत जान से मारने की धमकी दे रहे है। मामले में थाना प्रभारी गगन कुमार गौड़ का कहना है कि महिला ने तीन लोगों को नामजद किया है।
पुलिस की विवेचना में नामजद के अलावा घटना में अंशू, रिजवान व शैलेंद्र के नाम प्रकाश में आए थे। इन तीनों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है। नामजद आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। महिला ने पुलिस पर जो आरोप लगाए हैं, वह निराधार हैं।