इकदिल। पुलिस व क्राइम ब्रांच टीम ने गुरुवार देर रात मानिकपुर क्षेत्र के कृष्णा हॉस्पिटल के आगे वाली गली में अर्ध निर्मित मकान से नौ व पक्का बाग पुल के पास स्थित मैदान से पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1.57 लाख रुपये बरामद हुए हैं।
थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि वह गुरुवार देर रात पुलिस व क्राइम ब्रांच टीम सूचना के आधार पर मानिकपुर चौकी क्षेत्र में स्थित कृष्णा हॉस्पिटल के आगे वाली गली में बने अर्ध निर्मित मकान के पास पहुंची।
यहां पर कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर जुआ खेल रहे नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस को माल फड़ 1,40,230 रुपये, जामा तलाशी 4800 रुपये व एक ताश की गड्डी बरामद हुई।
वही, पुलिस टीम ने पक्का बाग पुल के पास मैदान में जुआ खेल पांच लोगों को घेराबंदी कर पकड़ा। जुआरियों में अड्डा खलक का ग्राम प्रधान भी शामिल है।
पुलिस को माल फड़ से 16,850 रुपये, जामा तलाशी में 4800 व ताश के पत्ते हुए। पुलिस ने पकड़े गए 14 जुआरियों पर जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की।