इटावा। कोरोना महामारी के कारण करीब दो वर्ष पहले बंद की गई इटावा-कोटा एक्सप्रेस रविवार से चलाई जाएगी। कोटा से चलकर ट्रेन दोपहर 1:30 बजे इटावा स्टेशन पहुंचेगी और यहां से शाम पांच बजे कोटा के लिए रवाना होगी।
स्टेशन अधीक्षक पीएम मीना ने बताया कि कोटा जंक्शन से चलकर 19811 कोटा- इटावा एक्सप्रेस रविवार दोपहर 1:30 बजे इटावा जंक्शन पहुंचेगी। यहां से शाम पांच बजे 19812 इटावा- कोटा एक्सप्रेस कोटा के लिए रवाना हो जाएगी। ट्रेन भिंड, सोनी, गोहद रोड, मालनपुर, शनिचरा, ग्वालियर, रेहट, पराखेडा़, खजरी, शिवपुरी, खोंखर, कोलारस, लुकवासा, बद्रवास, रायसेर, मियाना, गुना, रुठियाई, धनौरा, मोतीपुरा चौक, भूलन, छाबरा गुगोर, सलपुरा, अतरु, पीपलदा रोड, बरन, अंतह होते हुए सोमवार सुबह 7:05 बजे कोटा जंक्शन पहुंचेगी।
इस ट्रेन का संचालन शुरू होने से कोटा में कोचिंग पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को सबसे ज्यादा सहूलियत हो जाएगी। ट्रेन में यात्री जनरल टिकट पर भी यात्रा कर सकेंगे।