बकेवर (इटावा)। यहां के 50 शैया अस्पताल में दवाओं व डॉक्टरों दोनों का टोटा है। अस्पताल में दवाएं खत्म हो चुकी हैं। दो दिन पहले कोविड से संबंधित आई दवाओं में कुछ एक्सपायरी डेट की है। यही नहीं जिन दवाओं की डिमांड भेजी गई थी, उनकी आपूर्ति भी नहीं की गई। डॉक्टरों का हाल यह है कि गुरुवार को यहां कोई विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं पहुंचा, ऐसे में दंत रोग चिकित्सक ही सभी मरीजों का इलाज करते देखी गईं।
50 शैया अस्पताल में वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर सीएमओ ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की है। जानकारी मिली है कि अधिकांश विशेषज्ञ चिकित्सक अस्पताल आते ही नहीं हैं। इसके चलते दूर-दूर से इलाज कराने आने वाले मरीजों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। अस्पताल में दवाओं का भी टोटा हो गया है। अस्पताल में भेजी गई अधिकांश दवाएं खत्म हो गई हैं। अस्पताल में तैनात फार्मासिस्ट बीना ने बताया कि दवाओं के संबंध में मुख्यालय को कई बार पत्र भेजा गया है। अभी तक दवाएं नहीं मिली है।
गुरुवार को अस्पताल में कोई विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं आया। अस्पताल में तैनात दो चिकित्सक में से एक डॉ. संजय आनंद अवकाश पर बताए गए । एकमात्र दंत चिकित्सक डॉ. शाहना ही मौजूद रहीं। उन्होंने ही बुखार-खांसी जुकाम व अन्य मरीजों को देखा। उधर, सीएमओ डॉ. भगवानदास ने बताया कि जो विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किए गए हैं। उनमें से कुछ कभी-कभी अन्य जगह ड्यूटी लग जाने के कारण नहीं पहुंच पाते। दवाओं के बारे में जानकारी करेंगे। दवाएं पर्याप्त मात्रा में भिजवाई जाएंगी। एक्सपायरी डेट की दवाओं के बारे में उन्हें जानकारी मिली है।
अस्पताल का कोड चालू न होने के कारण विभाग से दवाएं इस अस्पताल के नाम अलॉट नहीं हो पा रही हैं। बताते हैं 50 शैया अस्पताल की शासन में स्थापना होने के बाद भी अभी तक इस अस्पताल का कोड जनरेट नहीं हुआ है। इसके चलते विभाग शासन से इस अस्पताल के नाम पर दवाओं का अलॉटमेंट नहीं हो पा रहा है। (संवाद)
----