इटावा। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में शनिवार को बिजली और पानी के संकट पर छाया रहा। कई सदस्यों ने जर्जर सड़कों के मुद्दे भी उठाए। ज्यादातर सदस्यों ने बिजली और पानी जैसी समस्याओं के निस्तारण में अधिकारियों पर मनमानी करने के आरोप लगाए। कहा कि भीषण गर्मी में ऐसी गंभीर समस्याओं पर के निस्तारण में गंभीरता दिखाएं। पिछली बैठक स्वीकृति कार्यों को पूरा न कराने पर कई सदस्यों ने आपत्ति दर्ज कराई। अध्यक्ष अभिषेक यादव ने काम पूरे न करने वाले ठेकेदारों को आगे से ठेका न देने की बात कही।
बैठक दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई हुई। इसमें आठ प्रस्ताव पास पारित किए गए। चर्चा के दौरान ज्यादातर सदस्यों ने अपने क्षेत्र में जलसंकट की समस्या उठाई। सदस्य गीतम सिंह ने ग्राम पंचायत कुदरैल में मिनी टंकी निर्माण के बाद भी ग्रामीणों को पानी न मिलने की शिकायत पर जिला पंचायत अध्यक्ष और परियोजना निदेशक ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने ऊसराहार तिराहे पर लगे आरओ और सबमर्सिबल पंप खराब होने की शिकायत की।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बाद भी सुधार नहीं कराया जा रहा है। अध्यक्ष ने जल निगम के अधिकारी से कहाकि मरम्मत कराने की कोई एक तारीख बताएं। एई जल निगम ने 10 मई तक व्यवस्था दुरुस्त कराने का वादा किया।
इसी तरह बढ़पुरा के सदस्य पुरे रहबाड़ी से सुरेईकेपुरा गांव की खराब सड़क और मंडी परिषद की ओर से पुरे रहबाड़ी से भाऊपुरा तक बनी सड़क उखड़ने की शिकायत की। जय प्रकाश ने ग्राम ऊमरखेड़ा, महेवा अहेरीपुर रोड और बसरेहर के जिला पंचायत सदस्य शिवम पाल ने ग्राम उदयपुरा से इटपुरा गांव में रोड और अमृतपुर से संतोषपुर घाट तक खराब सड़क की समस्या उठाई।
ग्राम पछाया गांव में खारे पानी की समस्या का समाधान न होने पर अधिकारियों से सवाल किए। अधिकारी ने छह महीने में समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया। जसवंतनगर के कैस गांव का नलकूप दो साल में नौ बार खराब होने पर भी सदस्य ने संबंधित विभाग से सवाल पूछा। बैठक में भरथना विधायक राघवेंद्र कुमार, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि मुकुट सिंह शाक्य, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप शाक्य, सीडीओ, परियोजना निदेशक, सीवीओ आदि अधिकारी मौजूद रहे।
बिजली के ढीले तार सही कराएं जाएं
जिला पंचायत सदस्य ने चकरनगर से भरे मार्ग पर बिजली के तार अधिक नीचे होने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि तार इतने नीचे हैं कि बड़े वाहन वाले को साथ में डंडा लेकर चलना पड़ता है। तार ढीले जोने से हादसे की हर समय आशंका बनी रहती है। सदस्य ने बिजली विभाग के जांच अभियान पर भी ऐतराज जताया। कहा कि चौपाल लगाकर और प्रतिनिधियों को जानकारी देकर ही शिविर लगाए जाएं।
मंदिर के तालाब को कराएं पुनर्जीवित
ताखा से जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि हजारी महादेव मंदिर आस्था का बड़ा केंद्र है। इसके पीछे कई हजार बीघे का तालाब सूखा पड़ा है। तालाब को पुनर्जीवित कराकर उसमें पानी भरवाया जाना चाहिए। पानी होने पर गर्मी में इंसानों के साथ पशु-पक्षियों को भी राहत मिलेगी।
खड़े होकर जवाब न देने पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान सदस्य खड़े होकर प्रश्न पूछ रहे थे और अधिकारी बैठकर जवाब दे रहे थे। इस पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। कहा कि वह भी खड़े होकर जवाब दें।
सीवीओ पैदल, गाड़ियां एसडीएम के हवाले
जिला पंचायत सदस्य ने बताया कि सीवीओ के पास सरकारी वाहन नहीं है। वह पैदल ही घूमते रहते हैं। उनके वाहन का एसडीएम उपयोग कर रहे हैं। सदस्य ने सीवीओ को वाहन उपलब्ध कराने की मांग की।
अंगूठा लगाने के बाद भी नहीं दे रहे राशन
जिला पंचायत सदस्य फरियाद भारती और कई जिला पंचायत सदस्यों ने कोटेदारों की मनमानी की शिकायत की। बताया कि कोटेदार ग्रामीणों के अंगूठा लगाने के बाद भी राशन नहीं दे रहे हैं। साथ ही जो दे भी रहे हैं वह मनमाने तरीके से वितरण कर दे रहे हैं। इस पर जिला आपूर्ति अधिकारी ने जांच कराकर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
इटावा का नाम बदलने का प्रस्ताव खारिज
भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्यों ने बैठक में इटावा का नाम बदलकर इष्टिकापुरी नाम रखने का प्रस्ताव रखा। सदन में सपा का बहुमत होने से प्रस्ताव पारित नहीं हो पाया। भाजपा सदस्यों का कहना था कि इटावा का नाम पहले इष्टिकापुरी था।
।
ये प्रस्ताव हुए पास
- 29 दिसंबर 2021 को हुई बैठक का कार्यवृत्त सदस्यों के सदन में उपलब्ध कराया गया। जिस पर सभी ने सहमति जताई।
- जिला पंचायत के वित्तीय वर्ष 2021-22 का पुनरीक्षित आय-व्यय बजट की स्वीकृति को सर्वसम्मति से पारित किया।
- जिला पंचायत के वित्तीय वर्ष 2022-23 का मूल आय-व्यय बजट को पारित किया गया।
- जिला पंचायत इटावा के सिविल वादों के पैरोकार एडवोकेट अरुण कुमार का पारिश्रमिक शुल्क निर्धारित कर दिया गया है। अब वाद की न्यूनतम धनराशि 15000 और अधिकतम 55000 तक के प्रस्ताव को पारित किया गया।
- ग्रामीण क्षेत्रों के व्यवसाइयों के लिए आवेदन पत्र शुल्क 10 रुपये एवं शुल्क प्रमाण पत्र 10 रुपये निर्धारित किए जाने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया।
- भरथना ब्लाक की ग्राम पंचायत विरौंधी में जिला पंचायत की पुराने प्राथमिक विद्यालय की भूमि पंचायत घर/मिनी सचिवालय बनाने के प्रस्ताव को पारित किया गया। इसके लिए आठ सौ रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है।
बोर्ड बैठक में अपने क्षेत्र की समस्या बताते सदस्य अरविंद यादव। संवाद- फोटो : ETAWAH