इटावा। एक महीने में सरकारी क्रय केंद्रों पर केवल 22 किसानों से 932 क्विंटल गेहूं ही बेचा है। ज्यादातर क्रय केंद्रों पर तो खरीद की बोहनी तक नहीं हुई है। ऐसी स्थिति में लक्ष्य पूरा होना तो दूर चौथाई खरीद होने की उम्मीद भी नहीं दिख रही है। इससे विपणन विभाग ने गेहूं खरीद के लिए मोबाइल टीमें बना दी हैं। जिस गांव में करीब 400 क्विंटल गेहूं मिल जाएगा वहां कांटा लगाकर तौल कराई जाएगी। किसानों को प्रेरित करने की जिम्मेदारी प्रधानों व कोटेदारों को दी जाएगी।
सरकारी गेहूं खरीद क्रेंद्रों पर मंडी में अधिक भाव होने की वजह से क्रय केंद्रों पर सन्नाटे को दूर करने के लिए शासन ने मोबाइल क्रय केंद्रों के माध्यम से गेहूं खरीदे जाने के निर्देश दिए हैं।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष कुमार पटेल ने बताया क्रय केंद्र प्रभारी ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर कोटेदारों और प्रधानों से संपर्क करेंगे। एक ट्रक (लगभग 400 क्विंटल) गेहूं मिलने पर गांव में ही कांटा लगाकर तौल करा ली जाएगी। खरीदा गया गेहूं गांव से ही लोड कर सीधे एफसीआई के गोदाम पर भेज दिया जाएगा।
विपणन अधिकारी ने बताया क्रय केंद्र प्रभारी पहले प्रधान और कोटेदार से बात करेेंगे। प्रधान और कोटेदार किसानों से संपर्क उन्हें समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए प्रेरित करेंगे। सहमति बनने पर केंद्र प्रभारी को सूचना दी जाएगी। इसके बाद केंद्र प्रभारी गांव में कांटा लगने की तारीख तय कर करेंगे। तय तारीख को गांव में ही एक स्थान पर किसानों के गेहूं की तौल कर ली जाएगी। किसानों के कागजात लेकर उनके खाते में भुगतान भेजने की कार्रवाई भी की जाएगी।
विपणन अधिकारी ने बताया कि किसान आपसी सहमति कर खुद भी क्रय केंद्र प्रभारी या अन्य अधिकारियों से उनके मोबाइल फोन पर संपर्क कर सकते हैं। कई किसान अगर गेहूं बेचने के लिए तैयार हो जाते हैं तो उनके गांव में उनके ही बताए स्थान पर तौल कांटा लगा दिया जाएगा।
इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं किसान
पद तहसील/ब्लॉक मोबाइल नंबर
कंट्रोल रूम समस्त जनपद 7355731475
सहायक निबंधक सहकारिता समस्त जनपद 9410267003
जिला प्रबंधक, पीसीएफ समस्त जनपद 9258042508
जिला प्रबन्धक, पीसीयू समस्त जनपद 9084860469
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी भरथना/चकरनगर 9634644820
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी इटावा 9412821583
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी जसवंतनगर/ताखा/सैफइ 9451939675
विपणन निरीक्षक इटावा 8630369552
विपणन निरीक्षक जसवंतनगर 7011037971
विपणन निरीक्षक ऊसराहार 7007337002
विपणन निरीक्षक महेवा 7011037971
विपणन निरीक्षक बसरेहर 8630369552
विपणन निरीक्षक भरथना 8317027206
विपणन निरीक्षक चकरनगर 8840814647