भरथना। पारिवारिक कलह से परेशान होकर एक बुजुर्ग महिला आत्महत्या करने भरथना स्टेशन पहुंच गई। पता चलने पर जीआरपी ने बुजुर्ग महिला को समझाकर घर भेजा।
भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक, दो पर बुधवार की दोपहर बैठी एक बुजुर्ग महिला को उसकी विवाहित पुत्री घर वापस चलने के लिए समझा रही थी।
अचानक ट्रेन आती देखकर बुजुर्ग महिला ट्रेन के सामने कूदकर जान देने की मंशा से रेल पटरियों की ओर चल दी। आसपास बैठे लोगों ने उन्हें रोक लिया। उसकी जान बच गई।
पुत्री के मुताबिक बुजुर्ग महिला उसकी मां है, घर से नाराज होकर जान देने की मंशा से स्टेशन की ओर आई थी। उनका पीछा करते हुए वह भी उनके पीछे आ गई और समझा बुझा कर घर ले जाने का प्रयास कर रही थी।
दूसरी ओर बुजुर्ग महिला के मुताबिक वह अपनी बीमारी व परिवार की कलह से तंग आ चुकी है। जीआरपी के सिपाहियों ने बुजुर्ग महिला को समझा बुझाकर उसकी पुत्री के साथ वापस घर भेजा।