फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डेंगू से सिपाही की हालत बिगड़ी

विज्ञापन
विज्ञापन
इटावा/बकेवर। वायरल बुखार और डेंगू का प्रकोप पुलिस विभाग में भी पहुंच गया है। मंगलवार को डेंगू की चपेट में आने से एक सिपाही की हालत बिगड़ गई। उसे कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कई पुलिस कर्मी वायरल बुखार से पीड़ित हो गए हैं।
विज्ञापन

एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह के अवकाश स्वीकृत करने पर यह सभी पुलिस कर्मी अस्पतालों या अपने घर में रहकर उपचार करा रहे हैं। उधर, सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में मंगलवार को डेंगू के 19 नए मरीजों को भर्ती किया गया है।
एसएसपी मंगलवार को अपने दफ्तर में बैठकर लोगों की फरियाद सुन रहे थे। उसी दौरान एक सिपाही को सहकर्मी अपने कंधे के सहारे एसएसपी के सामने लेकर पहुंचा, बोला साहब इसे डेंगू हो गया है। हालत खराब है, छुट्टी दे दो।
विज्ञापन

इसे कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराना है। एसएसपी ने सिपाही की हालत देखी और बिना समय गवाएं उसकी अवकाश स्वीकृत कर दिया। उसके बाद बीमार सिपाही को कानपुर ले जाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी ने बताया कि विभाग में डेंगू से एक सिपाही के बीमार होने का मामला सामने आया है, लेकिन वायरल बुखार से चपेट में कई पुलिसकर्मी हैं। इनमें कुछ का अस्पतालों व कई अपने घरों में रहकर उपचार करा रहे हैं।
उधर, बकेवर क्षेत्र के बेरी खेड़ा गांव में वायरल बुखार व डेंगू थमा नहीं है। हालत यह है कि एक घर में कई-कई लोग बीमार है। करीब दो सप्ताह पहले गांव में वायरल व डेंगू फैलने का समाचार अखबारों में प्रमुखता से प्रकाशित हुआ था।
तब स्वास्थ्य विभाग की एक टीम बेरी खेड़ा गांव में दो दिन के लिए भेजी गई थी। टीम ने लोगों के मलेरिया, टाइफाइड, डेंगू की जांच की थी। उन्हें दवाइयां वितरित की गई थी। अब एक बार फिर गांव में बीमारी का प्रकोप फिर बढ़ने लगा है। गांव में 50 से ज्यादा लोग वायरल बुखार, डेंगू व अन्य बीमारियों की चपेट में बताए जाते हैं।
गांव का दुर्गेश कुशवाहा, उसकी पत्नी नीतू, बेटी शिल्पी डेंगू की चपेट में है। दिनेश कुशवाहा के ही छोटे बेटे की पुत्र वधू राधा, उसकी बेटी अंजलि छह दिन से बीमार चल रही है। जांच कराने पर सभी को डेंगू निकला है।
गांव के ही 80 वर्षीय लाखन सिंह कुशवाहा को पिछले एक सप्ताह से बुखार आ रहा है। अमर सिंह कुशवाहा की बेटी शालिनी 25 दिन से बीमार है। नरेंद्र सिंह कुशवाहा की पत्नी ज्योति व 11 वर्षीय बेटा शिवा को बुखार आ रहा है। शमशेर सिंह कुशवाहा कई दिन से बुखार से पीड़ित हैं।
नगेंद्र सिंह कुशवाहा, उनका बेटा रूप सिंह आठ दिन से बुखार से पीड़ित हैं। जिलेदार दिवाकर की पत्नी कुंती को दस दिन से बुखार आ रहा है। इन सभी लोगों का लखना के एक निजी डॉक्टर की क्लीनिक में उपचार चल रहा है।
डेंगू जांच के लिए 40 के सैंपल लिए
जिला अस्पताल में आने वाले वायरल फीवर पीड़ितों की संख्या कम नहीं हो रही है। मंगलवार को ओपीडी में 1108 मरीज पहुंचे। इनमें 326 मरीज बुखार और डेंगू लक्षण वाले थे। इनमें 112 की कार्ड से डेंगू की जांच की गई। इसके बाद 40 मरीजों की सैंपल जांच के लिए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजे गए हैं।
डूंढ़पुरा गांव में अभी भी कई बीमार
उदी। बढ़पुरा विकास खंड की ग्राम पंचायत सकरौली के डूंढ़पुरा गांव में तीन दिनों में पांच लोगों की मौत के बाद मंगलवार को बुखार की चपेट में कई अन्य गांवों के लोग भी आ गए हैं।
सीएचसी प्रभारी ने बताया कि स्वास्थ्य टीमों को भेजा गया। टीमों ने देवीपुरा, अड्डा निहाल, नगला भग, डूंढ़पुरा समेत कई गांवों में बीमारी से जूझ रहे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। बताया कि देर शाम तक चले स्वास्थ्य परीक्षण में डूंढ़पुरा को छोड़कर अन्य सभी गांव की स्थिति सामान्य है।
डूंढ़पुरा में कुछ बुखार के मरीज मिले हैं। उनका सैंपल जांच को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा गया है।
डेंगू के 19 नए मरीज भर्ती
सैफई। मेडिकल यूनिवर्सिटी की ओपीडी में मंगलवार को बुखार में 184 मरीज उपचार के लिए पहुंचे, जबकि डेंगू के 19 नए मरीज भर्ती किए गए। चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर डॉ. आदेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को अस्पताल से डेंगू के 19 मरीजों की छुट्टी की गई। वर्तमान में 59 डेंगू के मरीज भर्ती हैं।
अल्ट्रासाउंड सेंटरों को खंगाला गया
इटावा। जिले में 7 से 21 अक्तूबर तक मंगलवार को नगर के अल्ट्रासाउंड सेंटरों का सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद व एसीएमओ डा. अवधेश यादव ने निरीक्षण किया। इस दौरान गुरुकृपा अल्ट्रासाउंड सेंटर, दयाल एंड चाइल्ड हास्पिटल, डा. एचएन मेहरोत्रा हास्पिटल, चंद्र किरण हास्पिटल, न्यू देहली अल्ट्रासाउंड का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों का रखरखाव सही नहीं पाए जाने पर तत्काल सही कराया गया।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने निरीक्षण कराने वाली महिलाओं के रजिस्टर पर दर्ज नंबर पर संपर्क करके पूछताछ की।
जिला अस्पताल का डीएम ने किया निरीक्षण
इटावा। जिले में वायरल बुखार के बढ़ते मरीजों को देखते हुए मंगलवार की शाम 5 बजे डीएम श्रुति सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर डेंगू वार्ड का निरीक्षण किया। साथ ही भर्ती मरीजों से बातचीत कर हालचाल पूछा।
हालांकि मरीजों ने डाक्टरों के कम देखने आने की शिकायत की। इस पर डीएम ने सीएमएस को निर्देश दिया कि डाक्टरों को सुबह-शाम मरीजों का हाल चाल लेने को भेजें। सुबह डेंगू वार्ड में बुखार के 23 मरीज भर्ती थे।
विज्ञापन

निरीक्षण के दौरान सीडीओ संतोष कुमार राय, सीएमओ डा. भगवान दास, सीएमएस डा. एमएम आर्या भी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें