इटावा। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के महेरा चुंगी के पास एक कमरे में संदिग्ध हालात में राजमिस्त्री का शव मिला है। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मूल रूप से फिरोजाबाद जिले के नगला थाना क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय मुकेश सिंह राजमिस्त्री का काम करता था। वह फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के महेरा चुंगी पर कमरा किराए पर लेकर रहता था। पड़ोसियों ने बताया कि बुधवार को पत्नी और बच्चे आए थे। शाम को मुकेश ने उन्हें बस से वापस फिरोजबाद भेज दिया और कमरे में आकर सो गया था। गुरुवार को वह दिन भर कमरे से बाहर नहीं निकला।
शुक्रवार की सुबह भी बाहर न निकलने पर पड़ोसियों ने कमरे में झांककर देखा तो बिस्तर पर शव पड़ा था। चेहरे पर और बिस्तर के आसपास उल्टी पड़ी थी। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज परिजनों को सूचना दी। थाना प्रभारी प्रभात सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा।