चौबिया। थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव चौपुला बंबा के किनारे हिद्दपुरा के सामने बनी मजार के पास शुक्रवार की सुबह एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। लोगों ने शव को पड़ा देख इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। शव मिलने की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
शुक्रवार की सुबह जब लोग उधर से गुजरे तो लोगों ने बंबा के किनारे चादर व कंबल में लिपटी महिला का शव पड़ा देखा। शव के पडे़ होने से खबर मिलने पर लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। तभी किसी ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। एसओ चौबिया सतीश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शिनाख्त कराने का प्रयास किया। लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। महिला के शरीर पर पेटीकोट व ब्लाउज मिले। शरीर पर यूरिन पॉट की थैली लटकी थी।
नाक में नली लगी हुई थी। हाथ में ब्लड चढ़ाने के लिए लगाई जाने वाली वीगो लगी मिली। शरीर पर इंजेक्शन के निशान भी पाए गए।
पुलिस ने शिनाख्त न होने पर उसके शव को 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखा है। एसओ चौबिया ने सतीश यादव ने बताया कि ऐसा लग रहा कि महिला गर्भवती रही है और उसका गर्भपात कराने के लिए लाया गया हो। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डर की वजह से साथ के लोग उसके शव को छोड़कर भाग गए होंगे। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में लगी है। शिनाख्त होने के बाद ही कारणों का पता चल सकेगा।