इकदिल थाना क्षेत्र के एमएसपुरम मोहल्ला में रविवार दोपहर बदमाशों ने धावा बोल ट्रांसपोर्टर के घर पर लूटपाट की। ट्रांसपोर्टर के साथ मोहल्ले के लोगों ने विरोध किया तो बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले।
इस बीच पुलिस ने दो बदमाशों को धर दबोचा है। गोली लगने से एक राहगीर घायल हो गया। पुलिस का दावा है बदमाश लूटी गई नगदी फेंक भागे, जिसे बरामद कर लिया गया है।
इकदिल थाना क्षेत्र के सुंदरपुर बिजली घर के पास स्थित एमएसपुरम निवासी ट्रांसपोर्टर अर्जुन सिंह चंदेल की पत्नी व बच्चे रविवार को बाहर गए थे। जबकि अर्जुन सिंह
पक्काबाग स्थित अपने ट्रांसपोर्ट पर थे। दोपहर करीब तीन बजे घर का ताला तोड़ चार बदमाश अंदर घुसे आलमारी तोड़कर नगदी व जेवरात समेट लिया। तभी खाना खाने के लिए अर्जुन सिंह घर पहुंच गए। घर का ताला टूटा देख उन्होंने शोर मचाया और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
मोहल्लेवालों को जुटता देख बदमाश अपनी स्कूटी छोड़ फायरिंग करते हुए भागने लगे। तब तक एएसपी सर्वानंद यादव, सीओ सिटी सिद्धार्थ वर्मा सहित इकदिल, सिविल लाइन, कोतवाली की फोर्स साथ क्यूआरटी फोर्स मौके पर पहुंच गई। बदमाशों की फायरिंग में गोली से उधर से गुजर रहे पक्काबाग अर्जुनपुर किशन (18) पुत्र अमर सिंह घायल हो गए।
पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा। पीछा कर रही पुलिस टीम ने कुछ ही देर में दो बदमाशों को धर दबोचा। एएसपी सर्वानंद यादव ने बताया कि बदमाशों ने घर से सिर्फ चार-पांच लाख रुपये की नकदी ही चुरा पाई थी। जिसे अगौंछे में बांधकर वे भाग रहे थे। भागते समय बदमाशों ने अंगौछा सहित नकदी फेंक दी जिसे बरामद कर लिया गया है।
पीड़ित की ओर से तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। वहीं पीड़ित का कहना है कि बदमाशों ने घर में रखे आठ लाख रुपये सहित जेवर लूट लिए हैं। पत्नी के आने के बाद ही लूटे गए जेवरों के बारे में जानकारी होगी। तब रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
बदमाशों ने लोहे की राड से तोड़े ताले
ट्रांसपोर्टर के घर में घुसे बदमाशाें ने लोहे की राड से ताले तोड़े। फिर वह मकान के अंदर घुसे और अलमारी और बक्सों को तोड़ते चले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़ने में इस्तेमाल की गई लोहे की राड के साथ ही मौके पर बदमाशों द्वारा छोड़ी गई स्कूटी को बरामद कर लिया है।
लोगों के साहस, पुलिस की तत्परता से पकड़े गए बदमाश
इटावा। ट्रांसपोर्टर के घर दिनदहाड़े डकैती की वारदात को अंजाम देने वालों को लोगों के साहस और पुलिस की तत्परता के कारण पकड़ लिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश करीब डेढ़ किलोमीटर तक भागे।
इस बीच करीब एक दर्जन राउंड बदमाशों की ओर से फायर किए गए। बावजूद इसके पब्लिक और पुलिस ने उनका पीछा करना बंद नहीं किया। अगर ट्रांसपोर्टर को घर पहुंचने में आधा घंटे की देरी हो जाती तो लाखों रुपये का सामान बदमाश आसानी से समेट ले जाते।
ट्रांसपोर्टर अर्जुन चंदेल का परिवार शादी में शामिल होने के लिए अपनी रिश्तेदारी में गया था। ट्रांसपोर्ट के कामकाज की वजह से अर्जुन चंदेल घर पर ही रह गए। वह सुबह मकान में ताला डालकर पक्काबाग में हर्षवर्धन होटल के पास स्थित अपने ट्रांसपोर्ट पर चले आए। दोपहर के सन्नाटे के बीच बदमाश उनके घर पहुंच गए।
बदमाश डकैती की वारदात को अंजाम दे ही रहे थे कि तभी अर्जुन चंदेल भी खाना खाने के लिए घर आ गए। वह जैसे ही अंदर घुसे तो उन्होंने बदमाशों को देखा। इस पर वह तत्काल वापस लौट आए और मोहल्ला में शोर मचाना शुरू कर दिया। शोरगुल सुन मोहल्लावासी मौके पर जमा हो गए और मकान को चारों ओर से घेर लिया।
इसी बीच सूचना पुलिस को भी दे दी गई। बदमाशों ने फायरिंग करके भागने की कोशिश की, लेकिन पब्लिक पीछे नहीं हटी। पुलिस के आने की भनक लगते ही बदमाश फायरिंग करते हुए भाग खड़े हुए। इस पर भी पब्लिक ने उनका पीछा बंद नहीं किया और वह बदमाशों को दौड़ती रही।
एक साथ तीन थानों के फोर्स और क्यूआरटी के जवानों ने भी पूरे इलाके को घेर लिया। सुंदरपुर बिजली घर के पास स्थित एमएस पुरम स्थित अर्जुन सिंह चंदेल के मकान से भागे बदमाश करीब डेढ़ किलोमीटर दूर पक्काबाग पर श्रीकोल्ड स्टोर के पीछे अर्जुननगर मोहल्ला स्थित एक मकान में छिप गए।
पुलिस ने मकान की घेराबंदी करके दो बदमाशों को दबोच लिया। कुल मिलाकर पब्लिक के साहस और पुलिस की तत्परता से बदमाशों को पकड़े जाने के साथ ही लूटी गई नकदी को बरामद कर लिया गया। खुद ट्रांसपोर्टर ने स्वीकार किया कि अगर वह आधा घंटे की देरी से खाना खाने आता तो बदमाश लाखों रुपये सहित जेवर समेट ले जाते।
कहीं बदमाशों का पनाहगाह तो नहीं वह मकान!
एमएस पुरम में डकैती की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पक्काबाग स्थित श्रीकोल्ड स्टोर के पीछे बने अर्जुननगर मोहल्ला में जाकर छिप गए। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मकान से दो बदमाशों को दबोच लिया। तलाशी में पुलिस को मकान के अंदर से शराब और बियर की भारी मात्रा में खाली बोतलें मिलीं।
इसके साथ ही एलसीडी सहित कई इलेक्ट्रानिक उपकरण भी मिले। पुलिस को संदेह है कि बदमाश इसी मकान में रहकर लूट, डकैती और चोरी की वारदात को अंजाम दिया करते हैं। खुद एएसपी सर्वानंद यादव ने कहा कि मकान से बदमाशों का क्या संबंध है इसकी भी पुलिस जांच कर रही है।
क्षेत्र में फैली दहशत
दिनदहाड़े हुई वारदात और भाग रहे बदमाशों की गई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई है। इलाके के लोग सुरक्षा को लेकर चितिंत हैं। वहीं कुछ का कहना है कि जिस तरह बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया उससे यही लगता है कि बदमाशों पहले से रेकी कर रहे थे और उन्हें ट्रांसपोर्टर के घर से जुड़ी सारी जानकारी थी। सटीक सूचना पर ही बदमाश दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंच गए।