जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के कटैयापुर और जसवंतनगर कस्बे में सपा और भाजपा समर्थक भिड़ गए। दोनों ओर से पत्थरबाजी हुई। डीएम शमीम अहमद व एसएसपी शिवहरि मीणा मौके पर पहुंचे। सपा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव ने भाजपाइयों पर हमला करने का आरोप लगाया। वहीं कई लोग मतदाता सूची में नाम दर्ज न होने से मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सके।
जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के ताखा ब्लाक स्थित कटैयापुर मतदान केंद्र के बूथ 167 पर रविवार सुबह सवा 11 बजे हो-हल्ला शुरू हुआ। यहां सपा और भाजपा समर्थक भिड़ गए। मतदान केंद्र के बाहर दोनों पक्षों ने पत्थरबाजी की। कुछ देर में ही सपा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि भाजपाई उन पर हमला करना चाहते थे। इसी तरह जसवंतनगर कस्बा में भी सपा और भाजपा समर्थकों में तकरार हुई और पत्थर चले।
यहां भी पुलिस मौके पर पहुंची और माहौल सामान्य बनाया। उधर भरथना विधानसभा क्षेत्र के जारपुरा मतदान केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट की मांग पर अतिरिक्त फोर्स भेजा गया।