पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही एक महिला सिपाही पर शादी का दबाव बना रहा था। महिला सिपाही ने जब शादी से इंकार किया तो सिपाही ने उसे जान से मारने की धमकी दी। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अलीगढ़ जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के मोहल्ला श्री राम नगर निवासी शीतल पुलिस लाइन में महिला आरक्षी के पद पर तैनात है।
पुलिस लाइन में ही हरियाणा के समसपुर रचकी दादरी निवासी सुमित भी तैनात है। सुमित महिला आरक्षी पर पहले फोन पर अनावश्यक टिप्पणी करता रहा। जिस पर महिला आरक्षी ने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद उसने महिला सिपाही का पीछा करना शुरू कर दिया और फोन पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। जब महिला सिपाही ने शादी से इंकार किया तो आरोपी सिपाही ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
महिला सिपाही ने मामले में एसएसपी से शिकायत की। इस पर एसएसपी ने सिविल लाइन थाना पुलिस को उसकी रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। महिला सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।