कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद छह लुटेरों को गिरफ्तार किया। उनके पास से अवैध असलाह के साथ पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद की।
पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता में एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह पुलिस कोतवाली पुलिस को वन डिपो तिराहा बाईख्वाजा रोड पर लूट के इरादे से कुछ अपराधियों के मौजूद होने की सूचना मिली।
सुबह करीब 5:20 बजे कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने बताए गए स्थान की घेराबंदी कर छह युवकों को पकड़ लिया। पास से असलहा कारतूस के साथ चोरी की एक डिस्कवर बाइक बरामद हुई।
इनके नाम पियूष मलहोत्रा पुत्र मगन बिहारी निवासी खतराना टोला कोतवाली, अवनीश कुमार प्रजापति पुत्र सरमन सिंह निवासी गांव कुइया थाना सैफई, पप्पू उर्फ मुश्की पुत्र सुखराम निवासी कांशीराम कालोनी मोर्चरी के पीछे सिविल लाइन इटावा, अजय कुमार पुत्र विजय रावत निवासी सती मोहल्ला कोतवाली, फरहानउद्दीन पुत्र सहीरउद्दीन निवासी गिलहरी पुल नौरंगाबाद, आरिफ पुत्र मुहम्मद उमर निवासी गिलहरी पुल नौरंगाबाद हैं।
एसएसपी ने बताया कि आरिफ के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास की धाराओं में दो मामले तथा पियूष पर पांच मामले दर्ज हैं। सभी को आवश्यक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया।
बोलेरो में घूम रहे चार बदमाश पकड़े
भरथना थाना पुलिस ने बोलेरो में घूम रहे चार बदमाशों को शुक्रवार को पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि वह मुख्य सड़क पर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
दोपहर में गश्त के दौरान पुलिस जीप को एक बोलेरो दिखाई दी। उस पर सवार लोगों की हरकत संदिग्ध लगी। इस पर पुलिस ने उनको रोका तो उन्होंने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेरेबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने उनको पास से तमंचे बरामद किए हैं। पुलिस अभी तक उनसे पूछताछ कर रही है।
चरस के साथ दो भाई धरे गए
इटावा। एसएसपी के निर्देश पर शास्त्री चौराहा पर चल रही चेकिंग के दौरान सिविल लाइन थाना पुलिस ने ढाई किलो चरस के साथ दो भाइयों को गिरफ्तार किया। शुक्रवार की सुबह एसएसपी के निर्देश पर सिविल लाइन थाना पुलिस शास्त्री चौराहा स्थित एलआईसी दफ्तर के पास वाहन चेकिंग कर रही थी।
इसी बीच एक बाइक पर सवार होकर आए तो युवक पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़कर भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने उनका पीछा किया और दोनों को पकड़ लिया। इनके नाम सतेंद्र सिंह व गजेंद्र सिंह पुत्रगण प्रहलाद सिंह निवासीगण नगला गोपी, नेबिलगंज रोड भरथना हैं।
पुलिस के मुताबिक, सतेंद्र के बैग से एक किलो 336 ग्राम तथा गजेंद्र सिंह के पास से एक किलो 264 ग्राम चरस मिला। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
जानमाल की धमकी देने वाले पकड़े
इटावा। केके डिग्री कालेज के मुख्य अनुशासक डा. शिवराज सिंह यादव को जानमाल की धमकी देने वाले तीन युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
इनमें भानू प्रताप सिंह पुत्र रामवरन सिंह निवासी उधन्नपुरा थाना बढ़पुरा इटावा व शिवकुमार पुत्र यादराम निवासी जैतपुरा थाना पछायगांव इटावा, प्रदीप कुमार पुत्र ज्ञान सिंह निवासी सुरेखीपुरा थाना पछायगांव इटावा शामिल हैं।
शिवकुमार केकेडीसी का छात्र है तो वहीं भानू एसडी इंटर कालेज और प्रदीप शहर की एक कोचिंग सेंटर का स्टूडेंट है। पुलिस लाइन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि 11 जुलाई को कालेज परिसर में अनाधिकृत रूप से टहल रहे युवकों को चेकिंग के दौरान कालेज के मुख्य अनुशासक डा शिवराज सिंह यादव ने पकड़ा था। इसके बाद उन्हें बाहर निकाल दिया।
छात्र-छात्राओं के सामने कालेज से बाहर निकाले जाने में युवकों ने खुद का अपमान समझा। इसी को लेकर 15 जुलाई को डा शिवराज सिंह यादव को फोन करके जान से मारने की धमकी दी गई।
श्री यादव की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने 19 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज की और धमकी देने में इस्तेमाल किए गए नंबर का पता लगाया और तीनों को दबोच लिया। एसएसपी ने बताया कि धमकी देने में जिस सिम का इस्तेमाल किया गया, वह फर्जी आईडी पर लिया गया था। सिम बशीर अहमद पुत्र नसीर अहमद निवासी साबितगंज पूर्वी के नाम है।