रोहतक में गांव वालों ने पुलिस टीम को बंधक बनाया
- फोटो : अमर उजाला
इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के गांव कछपुरा में वारंटी संजेश को गिरफ्तार करने गई पुलिस पार्टी पर पथराव व फायरिंग के मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरपीएफ के उपनिरीक्षक दिनेश पाल सिंह ने इकदिल थाने में संजेश सहित परिवार के पांच लोगों पर फायरिंग, पथराव व सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
गौरतलब है कि शनिवार की शाम आरपीएफ के साथ इकदिल थाना पुलिस कछपुरा निवासी वारंटी संजेश को पकड़ने गई थी।
आरोप है कि पुलिस ने जब उसके घर पर दबिश दी तो संजेश व उसके परिवारीजनों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया। बाद में उसने पुलिस पर फायरिंग भी की। पथराव व फायरिंग के बाद पुलिस को वापस लौटना पड़ा था। पुलिस पार्टी ने संजेश के पुत्र शिवम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में पुलिस ने संजेश के दो पुत्रों के साथ पत्नी व पुत्री को भी आरोपी बनाया है। पुलिस के अनुसार, दबिश व पुत्र के पकड़े जाने से बौखलाए संजेश ने पुलिस को सीढ़ी देने के शक में गांव की महिला रामा देवी को भी गोली मारकर घायल कर दिया था।
चौबीस घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस संजेश को गिरफ्तार करने में सफल नहीं हो सकी है। इसके अलावा समाचार भेजे जाने तक घायल महिला के परिजनों की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। एसओ इकदिल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।