फ्रेंड्स कालोनी पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने दतावली नहर पुल के पास से एक बाइक सवार दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर विवेक विहार कालोनी में झाड़ियों में छुपाकर रखी गईं चोरी की पांच और बाइकें बरामद हुईं हैं। उधर कोतवाली पुलिस ने भी चोरी की दो बाइकों सहित दो लोगों को पकड़ा है।
पुलिस लाइन में बुधवार को पत्रकार वार्ता में एएसपी राम किशन यादव ने बताया कि बाइक चोरों को पकड़ने के लिए फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच टीम को लगाया गया था। एसओ फ्रेंड्स कालोनी रोहित तिवारी मंगलवार रात फोर्स के साथ गश्त पर थे तभी मुखबिर ने सूचना दी कि दो बाइक चोर चोरी की बाइक को बेचने की फिराक में दतावली नहर पुल के पास खड़े हैं। इस पर उन्होंने क्राइम बांच प्रभारी अजहर खां और सर्विलांस प्रभारी सत्येंद्र यादव को इससे अवगत कराया।
क्राइम ब्रांच की टीम और फ्रेंड्स कालोनी पुलिस ने दतावली के पास चेकि ंग शुरू की। उन्हें एक बाइक सवार दो युवक दिखे। चेकिंग होती देख वह भागने लगे तो उन्हें दबोच लिया गया। तलाशी में उनके पास से आधा किलो गांजा बरामद हुआ। उन्होेंने बाइक चोरी में होने की बात कही। चोरों ने अपने नाम चंद्रशेखर पुत्र हरी बाबू निवासी देवी पुरा थाना जसवंतनगर व रविंद्र कुमार उर्फ धर्मेंद्र पुत्र ब्रह्मानंद निवासी नगला अर्जुन थाना जसवंतनगर बताए।
चंद्रशेखर ने बताया कि वह शहर व आसपास से बाइकों की चोरी कर रविंद्र के जरिये साढ़े तीन से पांच हजार रुपये में बेच देता था। दोनों ने कुछ साथियों के नाम भी बताए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पांच बाइकें शहर से जबकि एक बाइक मैनपुरी से चुराई गई थी। पुलिस ने आरोपियाें को जेल भेज दिया। एएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार का इनाम देने की घोषणा की। इस मौके पर सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर भी मौजूद रहे।
उधर कोतवाली में तैनात एसएसआई योगेंद्र कुमार शर्मा गश्त पर थे। मुखबिर ने सूचना दी कि दो बाइक चोर चोरी की बाइकों को भिंड ले जाकर बेचने की फिराक में हैं। इस पर उन्होंने नशिया जैन मंदिर के पास वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इस बीच उन्हें इटावा की ओर से आते दो युवक दिखे। उन्हें दौड़ाकर धर दबोचा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम रजनीश कुमार पुत्र महताब सिंह व मनोज कुमार पुत्र तूफान सिंह निवासी एरानी थाना भरथना बताए। उन्होंने बताया कि दोनों बाइकें चोरी की हैं। एक बाइक भरथना से चोरी की थी। पुलिस दूसरी बाइक के बारे में उनसे पूछताछ कर रही है।