इटावा। नगर के वाइस ख्वाजा रोड पर शनिवार को देर रात कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने मुठभेड़ के बाद 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को दबोच लिया। मुठभेड़ में दोनों बदमाश जितेंद्र उर्फ पोला और कश्मीर सिंह उर्फ रेनू घायल हैं, जबकि एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने दोनों बदमाशों के पास से एक पिस्टल, तमंचा व कारतूसों के अलावा एक किसान से लूटे गए तीन लाख रुपये, मोबाइल व पल्सर बाइक भी बरामद की है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार को एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने प्रेसवार्ता में बताया कि शनिवार की रात रेलवे रोड चौकी पुलिस शास्त्री चौराहे के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक पल्सर बाइक पर सवार दो लोग आते दिखाई दिए। संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वह ईदगाह होते हुए भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश फायरिंग करने लगे, जिसमें सिपाही विशाल शर्मा घायल हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश घायल हो गए और पुलिस ने धर दबोचा। इसमें एक बदमाश ने खुद को भरथना थाना क्षेत्र के विशियापुर निवासी जितेंद्र उर्फ पोला व दूसरे ने ऊसराहार थाना क्षेत्र के परशुरामपुर निवासी कश्मीर सिंह उर्फ रेनू बताया।
-
चार साल तिहाड़ जेल में भी रह चुका है जितेंद्र
जितेंद्र पर इटावा, दिल्ली, औरैया व कानपुर जिले में 11 मामले दर्ज हैं। वह चार साल तिहाड़ जेल में भी रह चुका है। वहीं कश्मीर सिंह के ऊपर इटावा, औरैया, एटा, फतेहगढ़ जिलों में 20 मामले दर्ज हैं। पूछताछ में इस गैंग में शामिल आठ लोगों के नाम प्रकाश में आए हैं। गैंग का मास्टर माइंड रेनू यादव है।