टीम ने बक्सों में रुपये भरकर बैंक में पहुंचाया।
- फोटो : amar ujala
डायरेक्टर जरनल जीएसटी इंटेलीजेंस (डीजीसीआई) लखनऊ टीम ने मोतीगंज के तंबाकू व्यवसायी अरविंद चौरसिया के आवास पर छापा मारकर सात करोड़ रुपये की ब्लैक मनी पकड़ी। 30 घंटे तक चली जांच में टीम के सदस्यों ने कारोबारी के 10 से अधिक ठिकानों पर जांच की। टीम ने बुधवार शाम को कारोबारी के घर पर पहुंची थी।
गुरुवार देर रात आवास से बाहर आकर डायरेक्टर जनरल कस्टम इंटेलीजेंस लखनऊ व जीएसटी के डिप्टी डायरेक्टर कमलेश कुमार ने बताया कि तंबाकू कारोबारी का साईं ब्रांड से उत्पाद बनाता है। इन पर ढाई से तीन करोड़ की जीएसटी बकाया थी। इस पर कारोबारी की ओर से डेढ़ करोड़ रुपये का जमा करा दिया गया है। पता चला कि कारोबारी के पास ब्लैक मनी है। सूचना मिलने पर टीम ने कारोबारी के बरेली, शाहजहांपुर, आगरा, गोसाईगंज, भरथना स्थित दस गोदाम में छापेमारी की। पड़ताल के दौरान करीब सात करोड़ की नगदी व कई दस्तावेज मिले हैं। इसमें नगदी को स्थानीय भारतीय स्टेट बैंक शाखा में तीन बॉक्स में भरकर पहुंचा दिया गया। वहीं मिले दस्तावेज की और छानबीन कर कार्रवाई की जायेगी। इस दौरान एडीशनल डायरेक्टर दिनेश कुमार, विभागीय अधिकारियों के अलावा कोतवाल महेंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी रही।
बुधवार की सांय करीब छह बजे तंबाकू व्यवसायी के आवास पर डीजीसीआई लखनऊ व जीएसटी की संयुक्त टीम ने दबिश दी थी। पड़ताल के दौरान तंबाकू व्यवसायी के बडे़ व छोटे भाई से पूछताछ कर कई दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। करीब 30 घंटे बाद जांच पूरी कर विभागीय अधिकारियों ने बाहर आकर लगभग सात करोड़ की नगदी सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने की जानकारी दी। जांच के दौरान आवास के बाहर लोगों का जमावड़ा बढ़ता घटता रहा।