अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। बसरेहर थाने के सिपाहियों को चकमा देकर सोमवार रात को दो आरोपी हवालात से फरार हो गए। भागते वक्त आरोपी चुटहिल हो गए। एक को तुरंत ही पुलिस ने दबोच लिया, जबकि दूसरे की तलाश में पुलिस ने मंगलवार को मैनपुरी के कुसमरा क्षेत्र में एक चिकित्सक के घर पर दबिश दी। लेकिन, आरोपी नहीं मिल सका।
मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र के सती हवेलिया में रहने वाले संक्षिप्त मिश्रा समेत दो लोगों को बसरेहर पुलिस ने सोमवार शाम को तमंचा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस सूत्रों की मानें तो देर रात को संक्षिप्त मिश्रा और उसके साथी ने लघुशंका का बहाना बनाया।
दोनों आरोपियों को दो सिपाही ले गए। सिपाही को चकमा देकर संक्षिप्त मिश्रा और उसका साथी थाने से भाग निकले। भागते वक्त संक्षिप्त और उसका साथी को जख्मी हो गए। साथी को तो पुलिस ने तुरंत पकड़ लिया और आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया है।
वहीं संक्षिप्त कुसमरा के एक चिकित्सक के यहां इलाज कराने पहुंचा था। जानकारी पर बसरेहर पुलिस ने कुसमरा के चिकित्सक के दबिश दी। लेकिन उनको संक्षिप्त मिश्रा नहीं मिला। पुलिस ने चिकित्सक से आरोपी के बारे में भी पूछताछ की है। साथ ही उसकी तलाश में कई ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। हालांकि बसरेहर थानाध्यक्ष विनय दिवाकर ने हवालात से आरोपी के भागने की घटना से इनकार किया। उनका कहना है कि उन्होंने कोई भी आरोपी नहीं पकड़ा था।