अमर उजाला ब्यूरो
इटावा।
सैफई पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मिट्ठनपुरा रोड पर छापा मारकर तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए चोरों के पास से चोरी की 11 बाइकें व कुछ बाइकों के कटे पुर्जे व मास्टर चाभी बरामद हुई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद चोरों को जेल भेज दिया।
सैफई थाना क्षेत्र में बढ़ रही बाइक चोरी की वारदातों को देखते हुए एसएसपी वैभव कृष्ण ने पुलिस को बाइक चोरों को पकड़ने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस बाइक चोरों को तलाश कर रही थी। गुरुवार रात चौकी प्रभारी पीजीआई अपने हमराह फोर्स के साथ गश्त पर थे। मुखबिर ने सूचना दी कि मिट्ठनपुरा को जाने वाले रोड पर मुचेहरा के पास कुछ बाइक चोर खड़े हैं। वह चोरी की बाइकों को बेचने की फिराक में है। उन्होंने एसओ महेशवीर सिंह को अवगत कराया। एसओ वह चौकी प्रभारी ने हमराह फोर्स के साथ मुखबिर द्वारा बताए स्थान की घेराबंदी कर ली। लेकिन जैसे ही बाइक चोरों को पुलिस की भनक लगी तो वह भागने लगे। पुलिस ने दौड़ाकर तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को मौके से ग्यारह बाइकें व कुछ बाइकों का सामान बरामद हुआ। पूछताछ में पकड़े चोरों ने अपना नाम राहुल यादव निवासी नवलपुरा थाना चौबिया, शुशमीन सिंह निवासी भदादी थाना कुर्रा मैनुपरी व विपिन यादव निवासी हिद्द पुरा थाना चौबिया बताया। पकडे़ गए चोरों ने बताया कि उन्होंने अलग-अलग स्थानों से बाइकों की चोरी की है। इन बाइकों को वह बेचने की फिराक में थे। एसओ महेशवीर सिंह ने बताया कि पकड़े चोरों के पास से 11 बाइकें व कुछ बाइकों का कटा सामान व मास्टर चाभी बरामद हुई है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि बाइकें कहां से चुराई गई हैं।
- तीन बाइक चोर गिरफ्तार, 11 बाइकें बरामद
- बाइकों को बेचने की फिराक में थे तभी पुलिस ने दबोचा
फोटो नंबर 15- सैफई पुलिस की गिरफ्त में तीन बाइक चोर