अमर उजाला ब्यूरो
बकेवर। थाना क्षेत्र के व्यासपुरा गांव में दहेज में बाइक, जंजीर, कूलर की मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता को फांसी पर लटकाकर हत्या करने का मुकदमा पीड़िता के पिता ने छह ससुरालीजनों के विरुद्ध दर्ज कराया है।
इंद्रापुर गांव निवासी अवधेश कुमार ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री रिचा की शादी विगत 2 जून को व्यासपुरा गांव निवासी प्रदीप के साथकी थी। इसके बाद पति प्रदीप, ससुर मेहरबान सिंह, सास मीरा देवी, पुत्री रानी, देवर गब्बर सिंह व उनकी पत्नी द्वारा दहेज में बाइक, एक जंजीर, कूलर की मांग की जाती रही। जब पुत्री रिचा ने मायके में बताया तो उन्होंने देने में असमर्थता जताई। इसके बाद ससुरालीजनों ने एक राय होकर उसका उत्पीड़न करने लगे। जानकारी होने पर ससुरालियों को समझाया। दो दिन पहले एक राय होकर पुत्री की मारपीट करते हुए उसे फांसी के फंदे पर लटका कर हत्या कर दी। जब इसकी सूचना मिली तो मौके पर जाकर देखा कि पुत्री फांसी के फंदे पर लटकी मिली तो सूचना थाना बकेवर पुलिस को दी। एसओ आलोक राय ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच सीओ भरथना विकास जायसवाल को सौंपी है।
- नवविवाहिता की हत्या में ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज
- व्यासपुरा गांव में फंदे पर लटकी मिली थी