इटावा। उदी क्षेत्र में चंबल पुल के पास गुरुवार रात डंपर ने एक बाइक पर सवार पिता-पुत्र व बाबा को रौंद दिया। हादसे में पिता की मौत हो गई। बाबा व पौत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के वक्त बाइक पर सवार लोगों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। तीनों के सिर पर गंभीर चोट आई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर डंपर व चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश के जिला भिंड के गिरी खुर्द गांव निवासी अज्ञाराम यादव (70) बेटे कल्याण सिंह (50) और पौत्र नारायण सिंह यादव (28) के साथ एक बाइक से भिंड से एटा एक शादी समारोह में गए थे। वहां से तीनों वापस भिंड जा रहे थे। उदी क्षेत्र में चंबल नदी के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे तीनों उछल कर सड़क पर गिर गए। राहगीरों की भीड़ जुटने से पहले ही चालक मौके से डंपर लेकर भाग गया। हादसे की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टर ने कल्याण सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि बाबा व पौत्र का उपचार चल रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के वक्त बाइक नारायण सिंह चला रहा था। अगर बाइक सवार अज्ञाराम ने हेलमेट पहन रखा होता, तो उनकी जान बच सकती थी। डॉक्टर ने उनकी मौत सिर पर आई चोट को बताया है।