इटावा। फर्रुखाबाद फाटक के पास राष्ट्रीय कैडेट कोर-4 उत्तर प्रदेश वाहिनी के कार्यालय का छज्जा शुक्रवार रात भरभरा कर गिर गया। शनिवार को एनसीसी अधिकारियों व कर्मचारियों ने कार्यालय के बाहर बैठकर कामकाज निपटाया।
पांच दशक से गुरु तेग बहादुर गुरुद्वारा के सामने एक किराये की बिल्डिंग में एनसीसी कार्यालय संचालित हो रहा है। रात में अचानक छज्जा गिर पड़ा। ड्यूटी पर मौजूद संतरी ने जब कार्यालय के अंदर धमाका जैसा सुना तो वह गेट खोलकर देखने पहुंच गया। उसने देखा कि छज्जे का मलबा फैला पड़ा है। तुरंत इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। शनिवार सुबह कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल एसपी सिंह समेत अन्य कर्मचारी पहुंचे।
बिल्डिंग जर्जर होने की वजह से कोई कार्यालय में भीतर नहीं गया। कार्यालय के बाहर ही कुर्सी-मेज रखकर कामकाज निपटाया। प्रशासनिक अधिकारी कर्नल एसपी सिंह ने इसकी सूचना प्रशासनिक व बड़े अधिकारियों को दी। हालांकि कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।