सैफई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर स्थित टोल प्लाजा पर मंगलवार रात 11:00 बजे दिल्ली के कार सवार दो युवकों को टोल कर्मियों ने पीट दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले टोल कर्मी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात टोल कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दिल्ली के हरि पार्क शांति नगर निवासी एडवोकेट अजीत कुमार ने बताया कि उनके ताऊ के लड़के की तबीयत खराब है। उसे देखने के लिए जौनपुर हॉस्पिटल अपने दोस्त संतोष कुमार के साथ कार से जा रहे थे। तभी अचानक कार में सीएनजी खत्म हो गई। चैनल नंबर 108 पर स्थित टोल प्लाजा पर गाड़ी नीचे उतारकर कर्मियों से सीएनजी पंप के बारे में पूछने लगे। इतने में ही नशे में धुत 14-15 टोल कर्मियों ने मारपीट कर दी। थाना प्रभारी मोहम्मद तारिक खान ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।