जसवंतनगर। आगरा-कानपुर हाईवे पर जसंवतनगर कस्बे के पास रविवार को सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रक को बचाने में एक कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। तीन घायलों को सीएचसी भेजा गया।
बता दें कि सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसके बाद भी पुलिस प्रशासन नींद से नहीं जाग रहा है। कुछ दिन पहले थाना सिविल लाइन क्षेत्र में एक खड़े ट्रक में मोटर साइकिल घुस गई थी, जिसमें दो छात्रों की मौत हो गई थी। एक छात्र घायल हुआ था।
रविवार देर रात एक कार हाथरस के सादाबाद से कानपुर की ओर पशु व्यापारियों को लेकर जा रही थी। इन्हें सिकंदरा के पास पशु मेले में पहुंचना था। जसवंत नगर कस्बे से करीब दो किलोमीटर आगे एक ढाबा के पास आगरा कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था।
कार चालक उसे नहीं देख पाया और जब देखा तो बचने के लिए चालक ने कार को दाहिने तरफ मोड़ दिया। इससे कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। हाथरस के सादाबाद थाना क्षेत्र के जलेसर रोड निवासी लक्ष्मण सिंह (35) पुत्र बेनी राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
उनके साथ कार में बैठे सादाबाद निवासी सलीम व बल्लू (दोनों सगे भाई) और शकील घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जसवंत नगर थाना प्रभारी रण बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। मृतक का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आगरा कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलाजनी के समीप एक दर्जन से अधिक ढाबे हैं। जिनके कारण दिन भर सड़क किनारे अवैध रूप से ट्रक खड़े रहते हैं। ट्रक चालक यहां सड़क किनारे अपना ट्रक खड़ा कर खाना खाते हैं और आराम करते हैं।
ढाबा मालिक भी सड़क किनारे वाहनों को खड़ा करने को मना नहीं करते। जिसके चलते इस क्षेत्र में आए दिन घटनाएं होती हैं। पुलिस प्रशासन को चाहिए कि ढाबे मालिकों को निर्देशित करें कि वाहनों को अपने होटल परिसर में ही खड़ा करें।