इटावा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चौबिया थाना क्षेत्र के चैनल नंबर 116 चौपला कट पर बने टोल प्लाजा पर रविवार देर रात कर्मचारियों पर बदसलूकी का आरोप लगा बस चालकों ने हंगामा किया।
टोल प्लाजा पर जाम लगा प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने बस चालकों को समझा कर शांत किया। करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका। रविवार रात करीब 11:00 बजे बस चालक चालक कीरत सिंह, गुरविंदर सिंह, हरविंदर सिंह, दिनेश, सुखविंदर सिंह ने बसें लेकर टोल प्लाजा से गुजर रहे थे।
काउंटर पर इलेक्ट्रॉनिक बस के लिए 225 रुपये टोल टैक्स देने की बात कही गई। बताया कि इतने रुपयों की ही रसीद कटेगी। इस पर बस चालकों ने ज्यादा टोल टैक्स लेने की बात कहकर विरोध जताया।
आरोप है कि चालकों के विरोध करने पर टोल कर्मी लाठी-डंडे लेकर इकट्ठा हो गए। चालकों से बदसलूकी शुरू कर दी। इस पर हंगामा हो गया। चालकों ने टोल प्लाजा पर दोनों तरफ बसें लगाकर रास्ता बंद कर नारेबाजी शुरू कर दी।
देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई। मामला बिगड़ता देख टोल कर्मियों पुलिस को सूचना दी। चौबिया थाना प्रभारी अंकुश राघव ने बस चालकों व टोल कर्मियों को समझाया।
बाद में 225 की जगह 130 रुपये टोल टैक्स देने पर सहमति बनी। तब मामला शांत हुआ। चालकों का आरोप है कि टोल कर्मी दबंगई से टैक्स वसूलते हैं। चालकों ने कर्मियों पर कार्रवाई की मांग भी पुलिस से की।