इटावा। गांधी जयंती व रविवार के दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में डेढ़ हजार से अधिक मरीज आए। कुल मिलाकर 1562 मरीजों ने पर्चा बनवाया। इनमें सबसे ज्यादा करीब 600 मरीज बुखार के रहे। इनमें से करीब 400 मरीजों ने पैथोलॉजी पहुंचकर खून की जांच कराई।
जिला अस्पताल के कक्ष संख्या 56 में तीनों फिजिशियन डॉक्टरों डॉ. बीके शाहू, डॉ.बीएल शर्मा व डॉ.शांतनु निगम ने कुल मिलाकर बुखार और खांसी के करीब 350 मरीज देखे। इनमें करीब तीन सौ मरीज बुखार के रहे।
डॉ. शांतनु निगम ने बताया सोमवार को रिकार्ड तोड़ मरीज उनके कक्ष में आए। करीब डेढ़ साल बाद बुखार के इतने मरीज एक दिन में आए। ज्यादातर मरीज डेंगू की जांच लिखाने आए थे। ऐसे मरीजों का कहना था कि दवाई तो वह मेडिकल स्टोर से खरीद लेंगे लेकिन डेंगू की जांच लिख दो।
दोपहर करीब डेढ़ बजे तक मरीजों की लाइन लगी रही। चिंता की बात यह है कि ज्यादातर मरीज बिना मास्क लगाए जिला अस्पताल आ रहे हैं। अभी काफी सावधानी बरतने की जरूरत है।
कक्ष संख्या में 17 में बाल रोग चिकित्सक डॉ.पीके गुप्ता व डॉ.शादाब आलम ने 170 बच्चों का परीक्षण किया। इनमें करीब 100 बच्चे बुखार से पीड़ित थे। बताया कि मौसम में बदलाव की वजह से बच्चे बीमार पड़ रहे हैं।
बुखार व खांसी की शिकायतें ज्यादा हैं। वहीं कक्ष संख्या 51 में डॉ.गौरव यादव ने 100 और कक्ष संख्या 53 में डॉ. अजय शर्मा ने 100 मरीज बुखार के देखे। पैथोलॉजी के वरिष्ठ लैब टेक्निशियन एके दुबे के अनुसार अभी तक के सबसे ज्यादा करीब 400 मरीजों ने खून की जांच कराई।
इनमेें 70 की डेंगू जांच हुई, जबकि 25 सैंपल डेंगू की एलाइजा जांच के लिए सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय भेजे गए।