इटावा। कोतवाली क्षेत्र के ग्वालियर बाईपास के पास मंदिर के पीछे जंगल में आठ अगस्त से लापता थे जीजा-साली के कंकाल सोमवार को सुबह पड़े मिले। सूचना पर कोतवाली और इकदिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही।
अंत में घटनास्थल कोतवाली का निकला। पुलिस को कंकाल के पास एक बैग बरामद हुआ। आधार व एटीएम कार्ड के पहचान कर पुलिस ने जानकारी मृतकों के परिजनों को दी।
इकदिल के पृथ्वीपुर गांव निवासी राम प्रकाश के बेटे सोनू राठौर की शादी करीब आठ साल पहले बसरेहर के अकबरपुर निवासी रजनी से हुई थी। दंपती के दो बेटी पलक, नैना व दो माह का बेटा है। सोनू प्लंबर का काम करता था।
भाई सतीश ने बताया कि सोनू करीब तीन साल से अपनी पत्नी व बच्चों के साथ ससुराल बसरेहर में रह रहा था। आठ सितंबर को वह अपनी साली ज्योति (25) को लेकर ससुराल से कही चला गया था।
घर में जीजा-साली के नहीं होने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिले। 11 सितंबर को ज्योति के परिजनों ने सूचना बसरेहर थाने में दी। पुलिस सूचना के आधार पर दोनों की तलाश कर रही थी।
22 सितंबर को ज्योति ने अपने घर में फोन किया और बोली कि वह 25 सितंबर को घर लौट आएगी। 25 सिंतबर को घर नहीं लौटने पर परिजनों ने दोबारा सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने नंबर ट्रैस कर दोनों की लोकेशन का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल फोन बंद मिला।
पुलिस को सोमवार को सुबह ग्वालियर बाईपास के पास टीले पर स्थित मंदिर के पीछे जंगल में दुर्गंध व शव के कंकाल पड़े होने पर कुछ ग्रामीणों ने सूचना दी। सूचना पर इकदिल व सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सीमा विवाद में उल
झ गई। दोनों थानों की पुलिस एक-दूसरे का क्षेत्र होने की बात कहती रही। करीब दो घंटे तक दोनों के बीच विवाद चला। अंत में पुलिस को लेखपाल बुलाना पड़ा। लेखपाल ने नापजोख की तो घटना क्षेत्र सदर कोतवाली का निकला।
इससे इकदिल थाना पुलिस ने चैन की सांस ली। इसी बीच फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने घटना क्षेत्र के आसपास छानबीन की। पास में ही पुलिस को युवक का कंकाल व लड़की का कटा हुआ हाथ बरामद हुआ।
साथ एक बैग में दोनों के कपड़े, आधार कार्ड, एटीएम, श्रृंगार का सामान व ट्रेन की टिकट बरामद हुए। वही पास में सल्फास की एक डिब्बी पड़ी मिली, जो आधी खाली थी।
पुलिस ने मृतकों की पहचान कर जानकारी उनके परिजनों को दी। कोतवाली प्रभारी टीपी वर्मा ने बताया कि दोनों के शव करीब 10-12 दिन पुराने हैं, जिन्हें कुछ जंगली जानवरों ने अपना आहार बनाया।
युवक का कंकाल व लड़की का एक हाथ कटा हुआ मिला है। साथ ही एक डिब्बी में आधा भरा हुआ सल्फास भी मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है, दोनों के परिजनों से पूछताछ की जाएगी।
मथुरा का मिला टिकट
कोतवाली प्रभारी टीपी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने जब बैग की तलाशी ली तो उसके अंदर से सोनू व ज्योति के कपड़े, श्रृंगार का सामान, ट्रेन का टिकट मिला। साथ ही मंदिर का प्रसाद भी बरामद हुआ।
दोनों लोग मथुरा स्थित मंदिर गए थे। इस दौरान युवती की परिजनों से बात भी हुई थी, लेकिन 22 सितंबर के बाद से उनकी कोई बात नहीं हुई। संभावना है कि यह लोग ग्वालियर बाईपास स्थित मंदिर के पास पहुंचे और जहां पर दोनों सल्फास खाकर जान दे दी। जंगली जानवरों ने दोनों को अपना आहार बनाया। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।
पहले भी दे चुका था मौत की फर्जी सूचना
सोनू राठौर पहले भी साले दीपक व परिजनों को दूसरों से खुद की लाश बरामद होने की बात बोल चुका था। इसलिए इस बार घरवाले हकीकत में भी सोनू के मरने व पुलिस के जानकारी देने के बाद भी यकीन नहीं कर रहे थे।
इस पर कोतवाली प्रभारी ने दीपक को समझाया था। साथ में घटनास्थल पर चलकर खुद चलने की बात कही। तब जाकर उनको यकीन हुआ।