भरथना ( इटावा)। ब्लाक क्षेत्र की 62 ग्राम पंचायतों के लिए 198 पोलिंग पार्टियां ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्यों के निर्वाचन के लिए पोलिंग स्टेशनों पर भेजी गयी। मतदान 28 नवंबर को कराया जाएगा। निर्वाचन अधिकारी एके शुक्ला ने बताया कि ब्लाक क्षेत्र में निर्वाचन के लिए पूरे ब्लाक को चार जोन व पच्चीस सेक्टरों में बांटा गया है। हर जोन में एक एसडीएम व एक सीओ मौजूद रहेंगे।
श्री शुक्ला ने बताया कि 44 केंद्रों पर जो अति संवेदनशील है उन पर वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी होगी। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से सीओ राघवेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए 25 कलस्टर गाड़ियां 25 सेक्टरों में मौजूद रहेंगी जिनमें अर्द्धसैनिक बलों के साथ पुलिस बल मौजूद रहेगा। 20 थाना प्रभारी निरीक्षक मय फोर्स के ब्लाक क्षेत्र में हर ग्राम पंचायत में मौजूद रहेंगे। डीएम नितिन बंसल एवं एसएसपी मंजिल सैनी ने भी चुनावी तैयारियों का जायजा लिया।
620 प्रत्याशी है मैदान में
ग्राम पंचायत चुनाव में 62 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के 620 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वही ग्राम पंचायत सदस्य के 66 बूथों पर 119 ग्राम पंचायत सदस्य चुनाव लड़ रहे हैं। ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत निगोह ईकारपुर पर प्रधान सुदामा देवी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी है। इसलिए ब्लाक में 63 प्रधान पदों पर चुनाव के बजाय मात्र 62 ग्राम पंचायतों में ही प्रधान पद के प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे है।