इटावा। सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन पर एक जुलाई से प्रतिबंध लगाने से शहर में दो से तीन करोड़ के कारोबार का कारोबार प्रभावित होने की आशंका है। दरअसल ग्राहक बाजार में थैले लेकर आते नहीं हैं और दुकानदार पॉलिथीन में सामग्री दे नहीं पाएंगे। इसी कारण दुकानदारी प्रभावित होगी।
उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष व्यापारी नेता अनंत प्रताप अग्रवाल ने कहा कि एक जुलाई से 19 तरह की सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है। सरकार को पहले विकल्प सुझाना चाहिए था। पहले सिंगल यूज प्लाटिक व पॉलिथीन का उत्पादन करने वाली फैक्टरी बंद कराने के साथ जनजागरण अभियान चलाकर लोगों को प्रतिबंधित पॉलिथीन के नुकसान बताकर ग्राहक को भी जवाबदेह बनाया जाना चाहिए था। ग्राहक थैला लेकर चलने के लिए मजबूर किया जाए। व्यापारी पर ही पूरी जिम्मेदारी थोपना ठीक नहीं है।
जिले में ज्यादातर माल कानपुर और आगरा से आता है। साबितगंज, रामगंज के पॉलिथीन कारोबारी रोजाना एक लाख रुपये तक का माल बेचते हैं। ठेले खोमचे वाले, दूध-दही वालों से लेकर बड़े कारोबारी का काम पॉलिथीन कारोबार नहीं नहीं चलता है। प्रतिबंध से शहर में कारोबार पर दो से तीन करोड़ का फर्क पड़ेगा। व्यापारी नेता ओमरतन का कहना है कि विकल्प लाने के बाद ही सख्ती करना उचित होगा।
इन पर लगा है प्रतिबंध
स्टिक वाले ईयर बड्स, गुब्बारे, झंडे, कैंडी, आइसक्रीम स्टिक, चाय-काफी हिलाने वाली स्टिरर, सजावटी पालीस्टाइरिन, प्लेट, कप, गिलास, कटलरी, छुरी कांटे, चम्मच, चाकू, स्ट्रा, ट्रे, मिठाई के डिब्बे, निमंत्रण कार्ड, सिगरेट के पैकेट रैप, पैक करने वाली फिल्म समेत 100 माइक्रोन से कम के प्लास्टिक या पीवीसी बैनर।
इन पर पड़ेगा असर
थोक विक्रेता 80 से 100
फुटकर दुकानदार- 500 से 600
छोटे दुकानदार - 200 से 250
इनसेट
20 किलो पॉलिथीन जब्त की
इटावा। नगर पालिका की टीम ने गुरुवार को शहर में अभियान चलाया। बाजार में दुकानों और फल आदि के ठेलों पर जांच की। दुकानों व ठेलों से प्लास्टिक गिलास, दोना और लगभग 20 किलो पॉलिथीन जब्त की गई। (संवाद)