इटावा। राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा के तहत लोगों को नेत्रदान के लिए जागरूक किया जा रहा है। 25 अगस्त से शुरू हुआ पखवाड़ा आठ सितंबर तक चलेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. भगवान दास ने लोगों से नेत्रदान कर किसी की जिंदगी को रोशन करें और नेत्रों को जीवित रहने दें। हर वर्ग के लोग नेत्रदान के लिए आगे आएं और अपने साथ दूसरों को भी नेत्रदान के लिए प्रेरित करें।
उप्र आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक और विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. रवि रंजन ने बताया कि हर साल लोग नेत्रदान कर रहे हैं, लेकिन जरूरत के हिसाब से दान में मिलने वाले नेत्र की संख्या कम है। ऐसे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को नेत्रदान के लिए आगे आकर अपने आसपास के लोगों को भी प्रेरित करना चाहिए। नेत्रदान पखवाड़े का मूल उद्देश्य भी यही है।
उन्होंने बताया कि विकासशील देशों में दृष्टिहीनता, स्वास्थ्य समस्याओं में एक बड़ी समस्या है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार कॉर्निया की बीमारी (कॉर्निया जो आंखों की अगली परत होती है), मोतियाबिंद और ग्लूकोमा के बाद होने वाली दृष्टि हानि के प्रमुख कारणों में से एक है।
डा. रंजन ने बताया किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके विभिन्न अंगों को दान किया जा सकता है। उसे उन रोगियों में प्रत्यारोपित किया जा सकता है जिनको उसकी जरूरत है। मृत्यु के बाद नेत्रदान से क्षतिग्रस्त कॉर्निया की जगह पर स्वस्थ कॉर्निया को प्रत्यारोपित किया जाता है। प्रत्यारोपण के बाद दृष्टिहीन व्यक्ति फिर से देख सकता है। उसकी जिंदगी रोशन हो सकती है। बताया सैफई हॉस्पिटल में नेत्र प्रत्यारोपण की सभी व्यवस्थाएं हैं। हॉस्पिटल में आई बैंक भी है, लेकिन महामारी के कारण अभी पूरी तरह से संचालित नहीं हुई है।
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक नेत्रदान मृत्यु के छह घंटे के अंदर हो जाना चाहिए। नेत्रदान की सुविधा घर पर भी दी जाती है। यदि किसी व्यक्ति ने नेत्रदान की घोषणा न की हो, उसके रिश्तेदार मृत व्यक्ति का नेत्रदान कर सकते हैं। नेत्र आपरेशन के बाद व चश्मा पहनने वाले भी नेत्रदान कर सकते हैं। मधुमेह (डायबिटीज) के मरीज भी नेत्रदान कर सकते हैं।
--
रेडक्रास सोसाइटी के चेयरमैन डा. केके सक्सेना ने बताया राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अंतर्गत लोगों को नेत्रदान करने के लिए रेडक्रास सोसाइटी की ओर से हमेशा प्रोत्साहित किया जाता है। इस वर्ष अब तक 17 नेत्र शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। बताया यदि कोई व्यक्ति नेत्रदान के लिए इच्छुक है तो वह संपर्क कर सकते हैं।