इटावा। शहर में आईटीआई स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला की ऑपरेशन के बाद को हुई मौत से खफा परिवार के लोगों ने जमकर हंगामा किया।
उनका आरोप है कि अस्पताल में महिला मरीज के ऑपरेशन में लापरवाही बरतने से हालत बिगड़ने पर मरीज को आगरा में एक अन्य अस्पताल में रेफर कर दिया, लेकिन आगरा ले जाने पर अस्पताल ने मरीज को भर्ती करने से इनकार कर दिया।
आगरा से इटावा लौटते समय रास्ते में महिला मरीज की मौत हो गई। परिवारीजनों का आरोप है कि जब वह शव लेकर आए तो अस्पताल के लोगों ने उन्हें अस्पताल में आने नहीं दिया। साथ ही अभद्रता कर गालीगलौज किया।
राजा का बाग निवासी रामऔतार ने बताया कि पत्नी किरन देवी (40) पेट की बीमारी से ग्रसित थीं। इलाज के लिए बुधवार को आईटीआई चौराहा स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचने पर डाक्टरों ने आंत का ऑपरेशन करने की बात कही।
बताया कि ऑपरेशन के नाम पर मोटी फीस वसूलने के बावजूद ऑपरेशन करने में लापरवाही बरती, जिससे पत्नी की हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने पत्नी की अत्यधिक हालत बिगड़ने पर आगरा अपने ही परिचित एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
पीड़ित रामऔतार ने बताया कि आनन-फानन में आगरा लेकर पहुंचे, लेकिन डाक्टरों ने देखते ही हालत गंभीर बताते हुए भर्ती करने से इनकार कर दिया। लौटकर इटावा आ रहे थे कि रास्ते में किरन की मृत्यु हो गई।
बताया कि वह सीधे निजी अस्पताल जाना चाहते थे, लेकिन अस्पताल के एंबुलेंस चालक ने रास्ते में ही उतार दिया। किसी तरह रात में अस्पताल पहुंचकर डाक्टरों से बात करनी चाही, लेकिन डाक्टरों व स्टॉफ ने उसके साथ अभद्रता व गालीगलौज करने लगे।
इसके बाद परिवारीजन महिला का शव अस्पताल के बाहर रखकर हंगामा करने लगे। अस्पताल के बाहर हंगामा देखकर डॉक्टर व स्टॉफ धीरे से खिसक गए।
परिजन नहीं माने तो शव पोस्टमार्टम को भेजा
हंगामे की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी दरवेश कुमार और फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। मृतका के परिजनों को मनाने का प्रयास किया गया, लेकिन गुस्साएं परिजनों के नहीं मानने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
फ्रेंड्स कालोनी थाना प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर सीएमओ को रिपोर्ट भेज दी गई है। मृतक महिला के शव का पैनल के जरिए पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।