इटावा। जिले की तीन नगर पालिकाओं में लगे दीपोत्सव मेले के दूसरे दिन दुकानें लगाने और सजाने में निकल गया। न तो पूरी दुकानें सज सकीं और न ही अपेक्षित खरीदार पहुंचे।
इटावा के प्रदर्शनी मैदान में लगे करीब 50 फीसदी स्टाल खाली पड़े रहे। बाकी में दुकानदार अपना सामान लगाने में व्यस्त रहे। अपेक्षित ग्राहक भी मेले में नहीं पहुंचे।
प्रदर्शनी पंडाल में कुल 106 स्टाल लगाने की व्यवस्था की गई है। सरकारी विभागों के स्टाल तो समय से लग गए, परंतु रेहड़ी पटरी दुकानदार अभी अपेक्षित संख्या में नहीं पहुंचे। पालिका के सफाई कर्मचारी एवं अन्य विभागों के कर्मी पूरे दिन मेला में डटे रहे।
भरथना के दीपावली मेला के दूसरे दिन निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण व वैक्सीनेशन कैंप का सीएमओ ने शुभारंभ किया। शिविर में एक सैकड़ा से अधिक लोगों द्वारा स्वास्थ्य का परीक्षण करवाया गया। दोपहर तक 65 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया।
एसडीएम विजय शंकर तिवारी, सीओ साधूराम, पालिकाध्यक्ष हाकिम सिंह, अधीक्षक डॉ. अमित दीक्षित, ईओ रामआसरे कमल मौजूद रहे। बृहस्पतिवार को शाम श्रीराम कथा व संगीतमयी सुंदर कांड का भी आयोजन किया गया।
उधर, जसवंतनगर का दीपोत्सव मेला दूसरे दिन फ्लॉप शो रहा। न तो किसी सरकारी विभाग या बैंक ने कोई स्टाल लगाया और न ही कोई दुकानदार ही मेले में पहुंचा। शुक्रवार को पंडाल खाली देखकर पहुंचे लोग निराश होकर लौट गए।
डूडा जैसे सरकारी विभाग का भी कोई स्टाल नहीं लगा। बृहस्पतिवार को डीएम के उद्घाटन के समय डूडा, एनआरएलएम, कृषि विभाग, कृषि रक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक आदि की ओर से स्टाल लगाए गए थे।
इस बाबत पालिका ईओ रामेंद्र सिंह यादव का कहना है कि दुकानदारों को बुलाकर बात की जाएगी। सभी स्टाल वालों से 3 नवंबर तक लगाने के लिए कहा था।