इटावा। जनपद में 15 से 17 साल के छात्र-छात्राओं का टीकाकरण शनिवार को बारिश और शीतलहर के बीच भी जारी रहा। तीन जनवरी से शुरू हुआ किशोरों का टीकाकरण कार्य अवकाश और रविवार को हो रहा है।
शनिवार को जिले में 4,932 किशोरों ने टीका लगवाया। उधर, जिले में शनिवार को 167 कोरोना संक्रमित मिले से लोगों में हड़कंप मच गया। सीएमओ डॉ. भगवान दास के अनुसार, शनिवार को जनपद में 4,932 किशोरों ने टीकाकरण करवाया।
बताया कि जिले में अब तक 61,419 किशोरों को टीका लग चुका है, जो 64 प्रतिशत से अधिक है। उधर, जनपद में कोरोना संक्रमित मिलने का लगभग रोजाना ही रिकार्ड टूट रहा है।
कोरोना की तीसरी लहर में अब तक के सर्वाधिक 167 संक्रमित शनिवार को मिले। इसके बाद अब संक्रमितों की संख्या 1029 हो गई है। नोडल अधिकारी डॉ. बीएल संजय ने बताया कि शनिवार को नौ चिकित्सक और आठ बच्चों समेत 167 कोरोना संक्रमित मिले।
कोरोना संक्रमितों में 45 शहरी क्षेत्र के 119 ग्रामीण क्षेत्र के और तीन दूसरे जनपदों के संक्रमित शामिल हैं। 113 मरीजों को छुट्टी दी गई। अब तक कुल मिलाकर 407 संक्रमित ठीक हो चुके हैं।
फिलहाल आठ संक्रमित अस्पताल में भर्ती हैं। 620 एक्टिव केस हैं, जबकि दो संक्रमितों की मृत्यु हो चुकी है। शुक्रवार को जनपद में 4,868 लोगों की कोरोना जांच हुई, इनमें 2,285 की आरटीपीसीआर और 2,578 की एंटीजन जांच शामिल है।
यहां मिले कोरोना संक्रमित
सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय में 30, जिला कारागार बैरक में 10, सैफई क्षेत्र में नौ, जीएलपी हॉस्पिटल महेरा चुंगी में छह, चितभवन में पांच, फाइनेंस कंपनी महेरा फाटक, खेड़ा मोहाल अहेरीपुर, अजबपुर में चार-चार
स्टेशन रोड में तीन, जिला सहकारी कोआपरेटिव बैंक, लुहन्ना चौराहा, विशुनपुर, सिरसा की मड़ैया, गोपाल भवन स्टेशन रोड, जिला अस्पताल कैंपस,कोकपुरा न्यू कालोनी व जसवंतनगर में दो-दो, पुरविया टोला, पटी गली
फ्रेंड्स कालोनी, अजीतनगर, सिविल लाइन पुरानी दिवानी के पास, रामनगर, न्यू कालोनी चौगुर्जी, यशोदानगर, न्यू कालोनी रामनगर, करमगंज, सराय दयानत उत्सव गार्डन, अर्जुन नगर पक्का बाग
रेलवे पॉवर हाउस कालोनी, बैशोली घाट भरथना, नगला मोती, इकदिल, बिरारी, सिया देवी हॉस्पीटल महेरा चुंगी, बहादुरपुर, उदी मोड़, खरगपुर सरैया, मानिकपुर विसु, उदी सीएचसी में एक-एक संक्रमित मिले। तीन अन्य जनपदों के संक्रमित मिले।
ताखा क्षेत्र में शतप्रतिशत टीकाकरण
ऊसराहार। ताखा क्षेत्र के सभी स्कूलों में किशोरों की कोविड वैक्सीनेशन का लक्ष्य पूरा हो गया।
क्षेत्र के सभी 34 स्कूलों के किशोरों को कोविड वैक्सीन का टीकाकरण सौ प्रतिशत पूरा किया गया, जो किशोर पढ़ाई नहीं करते उन्हें सोमवार से स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में घर-घर जाकर टीकाकरण करेगी।
सीएचसी प्रभारी डॉ. उदय प्रताप सिंह ने बताया कि ताखा क्षेत्र के सभी 34 स्कूलों के किशोरों का टीकाकरण पूरा कर लिया गया है। कोविड की पहली खुराक सभी किशोरों को दे दी गई। सोमवार से स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर वैक्सीन की पहली खुराक देगी।