इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव से लोडर सवार बदमाश असलहा के बल पर 20 बकरियां लूट ले गए। पीड़ित का आरोप है कि उसने रात में ही यूपी 100 पर पुलिस को सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठा।
गांव अकबरपुर निवासी जौहरी लाल पशुपालन का काम करता हैं। उसने बताया कि गुरुवार की रात एक लोडर सवार बदमाश उसके पशुवाड़े पर पहुंचे और गेट तोड़कर बकरियों को लोडर में चढ़ाने लगे। खटरपटर की आवाज होने पर उसकी नींद खुल गई तो वह पशुवाड़े के पास पहुंचा। बदमाश तब तक बकरियों को लाद चुके थे। उसे देखकर बदमाश भागने लगे। उसने शोर मचाने का प्रयास किया तो एक ने उसके ऊपर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी।
जौहरी ने बताया कि बदमाश 20 बकरियां लोडर में लाद ले गए। बदमाशों के जाने पर उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग आ गए। रात में यूपी 100 नंबर पर पुलिस को कॉल लगाई। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इकदिल थानाध्यक्ष समीर कुमार सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में ऐसी कोई घटना नहीं आई है, न ही किसी ने अब तक पुलिस से संपर्क किया है।