इटावा। कोरोना की संभावित तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए सोमवार से 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं को जिले के 37 केंद्रों पर कोवैक्सीन का टीका लगाने का कार्य शुरू हुआ।
छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक टीका लगवाया और खुशी जताई। पहले दिन जिले में 1700 किशोरों ने टीका लगवाया। इटावा जिले में 37 केंद्रों पर सोमवार को तय समय पर टीकाकरण शुरू कराया गया।
शहर से लेकर देहात तक के सेंटरों पर युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था। छात्र-छात्राओं ने अभियान को सफल बनाने के लिए बढ़-चढ़कर भागीदारी की। टीकाकरण को लेकर कई स्थानों पर छात्राओं में अधिक उत्साह देखा गया।
कई केंद्रों पर पहले ही दिन छात्राओं में टीका लगवाने को लेकर होड़ रही, जबकि छात्र पीछे रहे।
शहर में कर्म क्षेत्र इंटर कालेज में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. श्रीनिवास, डीआईओएस राजू राणा, जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक डॉ. मुकेश यादव, प्रधानाचार्य प्रवेंद्र सिंह की देखरेख में वैक्सीनेशन का कार्य शुरू हुआ। करीब 150 छात्र-छात्राओं ने टीकाकरण कराया।
स्टाफ नर्स कांती राजपूत, प्रियंका, आशा रीतम और लता सिकरवार ने टीका लगाने का कार्य किया। छात्रों को खुले मैदान में व छात्राओं को दूसरी मंजिल के कक्ष में टीका लगाया गया।
जिला अस्पताल में 97 छात्र-छात्राओं ने पहुंचकर उत्साहपूर्वक कोवैक्सीन का टीका लगवाया। नीरव राजपूत, मानसिंह, उदय सिंह राजावत, फार्मासिष्ट प्रमोद शर्मा ने रजिस्ट्रेशन करने से लेकर टीका लगाने व उन्हें उचित परामर्श देने का क
ार्य किया। टीकाकरण कराने वाले छात्र-छात्राओं को आधे घंटे तक आराम से बैठने की सलाह दी गई। कर्म क्षेत्र इंटर कालेज में टीका लगवाने वाले कक्षा 10 के छात्र आशीष ने बताया कि टीका लगवाने के बाद अच्छा लग रहा है। टीका कब लग गया दर्द तक नहीं हुआ।
पालिका परिसर में किया गया टीकाकरण
भरथना। पालिका परिसर में आयोजित टीकाकरण कैंप में ईओ रामआसरे कमल की देखरेख में छात्र लक्ष्य पोरवाल को पहली वैक्सीन लगाई गई। इसके बाद अक्षरा सोनी, लक्ष्मी सोनी, प्रतीका व अनुज कुमार ने टीका लगवाया।
ब्रजराज नगर के ऋषि ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण बहुत जरूरी है। महावीर नगर के सिद्धांत पोरवाल ने कहा कि छात्रों को जल्द से जल्द वैक्सीन लगवानी चाहिए।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित दीक्षित ने बताया कि एसएबी इंटर कॉलेज, आर्य श्यामा बालिका इंटर कालेज, नगर पालिका समेत सीएचसी परिसर में टीकाकरण किया गया।
दो स्थानों पर 127 को लगाए गए टीके
जसवंतनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. सुशील यादव ने बताया कि दो स्थानों पर टीकाकरण किया गया। राजकीय बालिका इंटर कालेज जसवंतनगर में 115 छात्राओं ने टीका लगवाया, जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 12 लोगों को टीके लगाए गए।
ब्लाक महेवा क्षेत्र में 300 टीका लगाए गए
बकेवर। महेवा सीएचसी प्रभारी डॉ. गौरव त्रिपाठी ने बताया कि 300 छात्र-छात्राओं ने टीका लगवाया। जनता विद्यालय इंटर कालेज व जनता डिग्री कालेज बकेवर में छात्र-छात्राओं में टीका लगवाने के प्रति काफी उत्सुकता थी।
जनता विद्यालय इंटर कालेज में डॉ. योगेश शर्मा, एएनएम विनीता, आशा अफसाना ने टीकाकरण किया। जनता डिग्री कॉलेज बकेवर में सीएचसी प्रभारी डॉ. सुशील अस्थाना, एएनएम प्रीति पाल व आशा निशा ने टीका लगाया।
139 छात्र-छात्राओं ने लगवाए टीके
चकरनगर। ब्लॉक क्षेत्र में 139 छात्र-छात्राओं को कोरोनारोधी टीके लगाए गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सत्येंद्र कुमार यादव ने बताया कि अस्पताल में 10, राजकीय इंटर कालेज में 91, रंजन नगर इंटर कालेज में 38 छात्र-छात्राओं को टीका लगाया गया।
राजकीय कन्या इंटर कालेज चकरनगर में कक्षा 10 की अनुष्का यादव व चांदनी देवी ने बताया कि वैक्सीन लगवाने के बाद अच्छा लगा। इंटर की छात्रा आरती यादव ने कहा कि संक्रमण से बचने के लिए यह टीका बहुत ही महत्वपूर्ण है।