एटा में ऑनलाइन शॉपिंग करके एक युवक ने मंहगा लैपटॉप मंगवाया था। डिलीवरी होने के बाद उसने डिब्बा खोला तो उसमें कुकर निकला। इसे देखकर उसके होश उड़ गए। उसने कूरियर बॉय को बैठा लिया। सूचना पर पहुंचे मैनेजर ने लैपटॉप दिलाने का वादा किया।
उत्तर प्रदेश के एटा में ऑनलाइन शॉपिंग की डिलीवरी में हेरफेर का मामला सामने आया है। यहां मारहरा थाना क्षेत्र के ब्रह्मणपुरी मोहल्ला निवासी सौरव वर्मा ने नामी कंपनी का लैपटॉप 14 अक्तूबर को एक ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट पर आर्डर किया। इसके बाद शनिवार को आर्डर आया। ओटीपी के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान कर दिया।
विज्ञापन
सौरव ने जब डिब्बा खोलकर देखा तो होश उड़ गए। उसमें लैपटॉप की जगह कुकर निकला। इसके बाद डिलीवरी पहुंचाने वाले युवक को बैठा लिया। कंपनी के लोगों को जानकारी दी गई। बताया कि लैपटॉप पर 25 फीसदी की छूट वेबसाइट पर दी जा रही थी। इसके चलते ऑर्डर किया था। शनिवार को इसकी डिलीवरी पहुंचाने के लिए राजन निवासी अशोक नगर जिला कासगंज आया।
ओटीपी लेने के बाद मैंने 70 हजार रुपये का ऑनलाइन भुगतान कर दिया। जब डिब्बा खोलकर देखा तो उसमें कुकर निकला। इस पर राजन से पूछताछ की तो उसने बताया कि गलती से पैकिंग हो गई है। कूरियर कंपनी के मैनेजर कौशल यादव निवासी कासगंज को बुलाया। उसने ऑर्डर के अनुसार ही सामान दिलाने का आश्वासन दिया।
सौरव ने बताया कि पहले आनाकानी की गई थी, लेकिन जब सख्ती बरती तो मैनेजर ने लैपटॉप दिलाने की बात कही है। हालांकि सौरव ने थाने में भी शिकायत करने की बात कही है। थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने कहा कि अभी तक ऐसा कोई मामला नहीं आया है। अगर कोई शिकायत आती है तो रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जाएगी।