एटा। शहर के रामलीला मैदान में शनिवार रात दबंगों ने दुस्साहस दिखाया। मेला देखने परिवार सहित आए एक युवक पर हमला कर बुरी तरह पीटा। मामले में 6 लोगों के विरुद्ध कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जीटी रोड स्थित छाया गार्डन के पास रहने वाले सचिन यादव ने बताया कि बच्चे झूला झूल रहे थे और वह अपनी पत्नी और मित्र दीपक व देवेंद्र के साथ खड़े थे। उसी समय वहां एक कार आकर रुकी और उसमें से 6 लोग उतरकर आए। जब तक कुछ समझ पाते इन लोगों ने गालीगलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर शरद चौहान उर्फ विक्की ने हाथापाई शुरू कर दी।
कहने लगा कि तूने मेरे अस्पताल की खबर चलाकर सील कराया है। तुझे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। पत्नी व बच्चों को भी धक्का मारकर गिराते हुए पीटा। इसके बाद मुझे मरा समझकर छोड़ गए। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और कार्रवाई की जा रही है। संवाद