एटा। थाना जलेसर क्षेत्र के गांव महानमई के पास मैक्स की टक्कर से बाइक सवार युवक और उसके सात वर्षीय ममेरे भाई की मौत हो गई। हादसे में बालक की मां गंभीर रूप से घायल हुई है। युवक का पोस्टमार्टम कराया गया है, जबकि बालक को बिना पोस्टमार्टम कराए दफना दिया गया।
जिला हाथरस थाना मुरसान क्षेत्र के गांव जैतपुर निवासी आमिर खां (23) पुत्र अशीन खां और उसके सात वर्षीय ममेरे भाई आबिद पुत्र अब्दुल रहमान निवासी महानमई की शुक्रवार देरशाम हादसे में मौत हुई है। आमिर की मामी फूलबानो गंभीर रूप से घायल हो गईं। आमिर के पिता ने बताया कि फूलबानो कुछ दिन पहले जैतपुर आई थी। आबिद और फूलबानो को छोड़ने के लिए आमिर बाइक पर जा रहा था। शुक्रवार देरशाम महानमई के पास मैक्स पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी जलेसर लेकर पहुंचे, यहां आमिर की मौत हो गई। आबिद और फूलबानो को आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा में इलाज के दौरान आबिद ने भी दम तोड़ दिया। फूलबानो का उपचार चल रहा है। आबिद के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।