एटा। निधौली कलां थाना क्षेत्र के गांव नगला दुर्जन में सोमवार की देर शाम एक महिला का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंचे भाई ने हत्या का आरोप लगाया। बताया कि बहनोई और ससुरालीजन बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे।
थाना क्षेत्र के गांव नगला बंदी निवासी दीपक कुमार ने बताया कि बहन सारिका (26) का विवाह 2019 में नगला दुर्जन निवासी टीटू उर्फ सुरजीत के साथ किया था। उस समय सामर्थ्य के अनुसार काफी दान-दहेज व गृहस्थी का सामान दिया था। कुछ समय बाद ही बहनोई टीटू व ससुराल के अन्य लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर बहन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। कई बार समझाया लेकिन यह लोग नहीं माने। पिछले 2 वर्ष से तो बहुत ही ज्यादा परेशान कर रहे थे। कभी 50000 रुपये तो कभी बुलेट बाइक की मांग करते थे।
आरोप लगाते हुए बताया कि जब हम लोग उनकी मांग पूरी नहीं कर सके तो सोमवार को गला दबाकर सारिका को मार दिया और फंदे पर शव लटकाकर भाग गए। गांव के लोगों से सूचना मिली। यहां आकर देखा कि बहन को गला दबाकर मारा गया है। सीओ जलेसर नितीश गर्ग ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच करते हुए कार्रवाई की जाएगी।