एटा/जलेसर। थाना जलेसर क्षेत्र में नहर से युवक के बाद अब एक महिला का शव मंगलवार को नग्नावस्था में मिला है। पांच दिन के अंतराल में एक ही स्थान पर महिला-पुरुष के शव मिलने से ग्रामीणों में ऑनर किलिंग की चर्चा है। जलेसर क्षेत्र स्थित गांव पिलखतरा नहर (रजबहा) में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे 25 से 30 वर्षीय महिला का शव मिला। चरवाहों ने शव देखा तो पुलिस को खबर दी। पुलिस ने शव को निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बता दें कि पांच दिन पहले पिलखतरा के पास ही बोरे में बंद एक युवक का शव मिला था। इसकी पहचान नहीं हो सकी। सोमवार को पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक ही स्थान पर पहले युवक और बाद में महिला का शव मिलने से आसपास के ग्रामीण हत्या कर शव को फेंके जाने की चर्चा कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार गौतम ने बताया कि शव कई दिन पुराना लग रहा है। आशंका है कि शव को कहीं और नहर के अंदर फेंका गया हो गया जो बहकर जलेसर क्षेत्र में आ गया है। मृतका की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।